आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल और हमास के बीच जारी जंग का आज 27वां दिन है। हमास को खत्म करने के मकसद से इजराइली सेना गाजा में ग्राउंड ऑपरेशन चला रही है। इस दौरान बुधवार को हमास लड़कों से लड़ते हुए एक भारतीय मूल के इजराइली सैनिक की मौत हो गई। मारे गए सैनिक का नाम स्टाफ सार्जेंट हलेल सोलोमन बताया जा रहा है।

हलेल इजराइल के डिमोना इलाके से थे। इस जगह में काफी भारतीय मूल के लोग रहते हैं इसलिए इसे लिटिल इंडिया भी कहा जाता है। डिमोना के मेयर बेनी बिट्टन ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर हलेल की मौत की जानकारी दी। वहीं, डिमोना में भारतीय मूल के लोगों ने भी हलेल की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि उसने इजराइल के अस्तित्व को बचाने के लिए जान दी है।

वहीं, बुधवार को IDF ने दावा किया कि उन्होंने देर रात हमास का फर्स्ट लाइन ऑफ डिफेंस यानी सुरक्षा का पहला घेरा तोड़ दिया और गाजा शहर में एंट्री कर ली। गाजा में घुसपैठ के बाद से 17 इजराइली सैनिकों की मौत हुई है।

हमास का एंटी टैंक मिसाइल कमांडर ढेर

इजराइली सेना ने बताया है कि सेना ने फाइटर जेट से किए हमले में हमास के एंटी-टैंक मिसाइल सिस्टम के कमांडर मुहम्मद अत्जर को मार गिराया है। इजराइल ने गाजा के सबसे बड़े जबालिया रिफ्यूजी कैंप पर बुधवार को दूसरा हमला किया।

हमास के कंट्रोल वाली गाजा की हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि इन हमलों में करीब 195 लोगों की मौत हुई है, जबकि 777 लोग घायल हुए। इसके अलावा करीब 120 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

इजराइल ने जबालिया रिफ्यूजी कैंप पर पहला हमला मंगलवार देर रात किया था। गाजा के जबालिया क्षेत्र में मौजूद शरणार्थी शिविर करीब 1.4 स्क्वायर किमी के इलाके में फैला है। हमले से पहले यहां करीब 1.16 लाख लोगों ने पनाह ले रखी थी।

जबालिया कैंप पर हुए 2 हमलों की तस्वीरें देखें…

हमास अस्पतालों से फ्यूल चुरा रहा

हमास गाजा के अस्पतालों से फ्यूल चुरा रहा है। इजराइल ने इससे जुड़े सबूत होने की जानकारी दी है। दरअसल, इजराइली सेना ने एक ऑडियो जारी किया, जिसमें हमास की वेस्ट जबालिया ब्रिगेड का कमांडर, इंडोनेशियन अस्पताल के हेड और एक आम फिलिस्तीनी बात करते सुनाई दे रहे हैं।

इस ऑडियो में तीनों लोग अस्पताल से हमास के फ्यूल लेने से जुड़ी बात कर रहे हैं। इस दौरान फिलिस्तीनी हमास लड़ाकों से पहले मरीजों के लिए फ्यूल भरने की अपील करता है। ऑडियो में फिलिस्तीनी ने कहा- अस्पताल में लोग हम पर निर्भर हैं। उन्हें इसकी जरूरत है। इस पर हमास कमांडर फ्यूल से जुड़ी दिक्कतें खत्म करने का जिक्र करता है और रिकॉर्डिंग यहीं खत्म हो जाती है।

361 विदेशी नागरिक गाजा से मिस्र पहुंचे

बुधवार को गाजा में फंसे विदेशी नागरिकों और घायल फिलिस्तीनियों को राफा बॉर्डर पार करके मिस्र जाने की इजाजत मिली। मिस्र के स्टेट मीडिया अल-काहिरा के मुताबिक, रात तक करीब 361 विदेशी नागरिक और 45 घायल फिलिस्तीनी राफा बॉर्डर पार कर पाए।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, गाजा से विदेशी लोगों को निकालने के लिए मंगलवार को इजिप्ट, इजराइल, अमेरिका, कतर और हमास के बीच डील हुई थी। इसके बाद विदेशी नागरिकों के इजिप्ट पहुंचने पर राष्ट्रपति बाइडेन ने इन देशों को धन्यवाद भी कहा।