आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल और हमास जंग में मंगलवार देर रात सबसे बड़े हमले की खबर आई। गाजा सिटी के अहली अरब सिटी हॉस्पिटल पर रॉकेट हमले में 500 लोगों के मारे जाने की बात कही गई है। हमास ने दावा किया कि हमला इजराइल ने किया। वहीं, इजराइल ने कहा है कि हॉस्पिटल पर हुए हमले में उसका हाथ नहीं है।
इधर, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन आज इजराइल पहुंच रहे हैं। गाजा अस्पताल पर हमले के बाद बाइडेन की अरब नेताओं के साथ होने वाली मीटिंग रद्द हो गई है। दरअसल, बाइडेन इजराइल के बाद जॉर्डन, मिस्र और फिलिस्तीन जाकर वहां के नेताओं से मुलाकात करने वाले थे। अब उनका इन सभी देशों का दौरा रद्द हो गया है।
बाइडेन के प्लेन एयरफोर्स-1 से अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा- जॉर्डन में होने वाली बैठक को रद्द करने का फैसला बाइडेन और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला ने मिलकर लिया है। हालांकि, बाइडेन इजराइल से लौटते समय फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास और मिस्त्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के साथ चर्चा करेंगे।
इजराइल ने अस्पताल पर हमले का वीडियो जारी किया
इधर, इजराइल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि फिलिस्तीनी लड़ाके ही हॉस्पिटल के पास हमला कर रहे थे, उन्हीं में से एक रॉकेट दिशा भटककर अस्पताल पर गिर गया। हमास के दावे पर इजराइली PM नेतन्याहू ने X पर लिखा- पूरी दुनिया को पता होना चाहिए कि गाजा में इजराइली सेना ने नहीं, बल्कि हमास के खूंखार आतंकियों ने हमला किया है। जिन लोगों ने हमारे बच्चों की बेरहमी से हत्या की, वे अपने बच्चों के भी हत्यारे हैं।
अहम अपडेट्स…
जंग की शुरुआत से अब तक 304 इजराइली सैनिकों की मौत हो चुकी है।
UN चीफ एंतोनियो गुतेरेस गुरुवार को मिडिल ईस्ट दौरे पर जा रहे हैं। वो इस इलाके के सभी देशों के प्रमुखों के साथ इजराइल-हमास जंग को रोकने के लिए सीधी बातचीत करेंगे।
इजराइल के मिलिट्री चीफ हेर्जेल हेलेवी ने ईरान के समर्थन वाले हिज्बुल्लाह ग्रुप को वॉर्निंग दी है। वीडियो मैसेज में चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा- अगर हिज्बुल्लाह ने हमले की गलती की तो सिर्फ एक चीज होगी…तबाही, तबाही और सिर्फ तबाही।
इजराइल से 286 भारतीयों और 18 नेपाली नागरिकों को लेकर पांचवीं फ्लाइट मंगलवार देर रात दिल्ली पहुंची। इन सभी का केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने स्वागत किया।
गाजा में लीव जोन घोषित
इजराइल ने बाइडेन की विजिट से पहले गाजा में लीव जोन (मानवीय क्षेत्र) की घोषणा की है। इजराइली सेना ने अल-मवासी को मानवीय क्षेत्र घोषित किया है। यहां लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने के लिए मदद दी जाएगी।