आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गाजा में इजराइल का जमीनी ऑपरेशन जारी है। इस बीच वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन यानी WHO के चीफ ने UNSC को बताया है कि इजराइली बमबारी से गाजा में हर दस मिनट में एक बच्चे की मौत हो रही है। जंग में अब तक गाजा के 11 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। मरने वालों में 4506 बच्चे हैं।
वहीं, इजराइल ने 7 अक्टूबर को हमास के हमले में मरने वाले लोगों की संख्या घटा दी है। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि पहले 1400 लोगों के मारे जाने की जानकारी थी, लेकिन ये संख्या 1200 है।
गाजा में इजराइली बमबारी से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत, अमेरिका समेत कई देश इजराइल पर गाजा में बमबारी रोकने का दबाव बना रहे हैं। ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने कहा है कि अब बातों की नहीं एक्शन की जरूरत है। गाजा में गो रही हत्याओं के खिलाफ सभी मुस्लिम देशों को साथ आना चाहिए।
फ्रांस की भी सीजफायर के लिए अपील
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इजराइल से सीज फायर की अपील की है। BBC को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि गाजा में औरतों और बच्चों का मारना अब बंद किया जाना चाहिए। हालांकि, मैक्रों ने ये भी कहा है कि इजराइल को अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है।
मैक्रों के बयान पर नेतन्याहू का पलटवार
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मैक्रों के बयान पर आपत्ति जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि गाजा में हो रही मौतों का जिम्मेदार हम नहीं ISIS और हमास है। दुनिया को हमारी नहीं इनकी आलोचना करनी चाहिए। नेतन्याहू ने दुनिया को चेतावनी देते हुए कहा- हमास ने गाजा में जो अपराध किए हैं वो पेरिस, न्यूयॉर्क और पूरी दुनियाभर में हो सकते हैं।
इजराइली सेना ने गाजा के 3 अस्पतालों को घेरा
शुक्रवार को इजराइली सेना ने पहले तो गाजा के अल शिफा अस्पताल के पास स्ट्राइक की। इसके बाद 3 अस्पतालों को चारों तरफ से घेर लिया है। मरीज और स्टाफ अस्पताल में बंद हैं, जबकि बाहर इजराइल और हमास लड़ाकों के बीच मुठभेड़ हो रही है।
अल शिफा अस्पताल के पास हुए धमाके में 13 लोगों की जान चली गई। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली सेना ने जिन 3 अस्पतालों को घेरा है उनमें अल शिफा, अल कुद्स और इंडोनेशिया हॉस्पिटल शामिल हैं।
इजराइल की डिफेंस फोर्सेज ने दावा किया है कि इन अस्पतालों के नीचे हमास के कमांड सेंटर हैं। इजराइल ने कहा है कि अल शिफा अस्पताल के नीचे हमास इंटेलिजेंस का मेन क्वार्टर है। वो इसी पर बमबारी कर रहे हैं। वहीं, हमास ने इजराइल पर बेगुनाह लोगों की जान लेने का आरोप लगाया है।
सऊदी अरब आज अरब देशों के साथ एक समिट करने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के राष्ट्रपति रईसी भी इस समिट में शामिल हो सकते हैं। ईरान-सऊदी के बीच सात साल तक चली दुश्मनी के बाद चीन की मध्यस्थता से समझौता हुआ। इसके बाद ये रईसी का पहला सऊदी दौरा होगा।