आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : फ्रांस की राजधानी पेरिस के पास जैक्स कार्टियर नाम का एक स्कूल काफी विवादों में हैं। इसके चलते मंगलवार को फ्रांस के शिक्षा मंत्री गैबरियल अट्टाल तक को स्कूल का दौरा करना पड़ा। इस विवाद की जड़ में 17वीं सदी में बनाई ग्रीक माइथोलॉजी की देवी डायना और राजकुमार एक्टिओन की एक पेंटिंग है।
डायना एंड एक्टिओन नाम से मशहूर इस पेंटिंग में कुछ महिलाएं निर्वस्त्र हैं। इसे इटली के जानेमाने पेंटर ग्यूसेप सेजारी ने बनाया था। टीचर ने आर्ट क्लास में इसे हाई स्कूल के बच्चों के सामने दिखाया। पेंटिंग यूरोप के उस दौर के गवाह के तौर पर पेश की गई थी, जिसमें वहां के समाज में क्रांतिकारी बदलाव आने शुरू हुए थे।
टीचर को हत्या का डर
हालांकि, कुछ बच्चों ने पेंटिंग दिखाए जाने पर आपत्ति जाहिर कर दी। उन्हें कहा हमें पेंटिंग देखकर शर्मिंदगी महसूस हुई और अपनी आंखें बंद कर लीं। फ्रांसीसी न्यूज एजेंसी फ्रांस 24 के मुताबिक अगले ही दिन एक स्टूडेंट के पेरेंट्स ने स्कूल के हेड टीचर को एक शिकायती खत लिखा।
इसमें टीचर पर आरोप लगाए गए थे कि उसने उनके बेटे को उस तस्वीर पर हुई चर्चा में हिस्सा लेने से रोक दिया। इस शिकायत पर आपत्ति जताते हुए टीचर्स ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने पेरेंट्स और कुछ स्टूडेंट्स पर उनके काम में गैर जरूरी दखलंदाजी के आरोप लगाए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस टीचर ने पेंटिंग दिखाई उसे अब अपनी जान का खतरा है।
BBC के मुताबिक शिकायत करने वाला स्टूडेंट मुस्लिम समुदाय का बताया गया है। इसके बाद मंगवार को फ्रांस के शिक्षा मंत्री अट्टाल जैक्स कार्टियर स्कूल पहुंचे और शिक्षकों से बातचीत की। उन्होंने कहा- जिन भी छात्रों ने सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहें फैलाईं और गलत आरोप लगाए उन पर एक्शन लिया जाएगा।
क्या है देवी डायना और राजकुनार एक्टिओन के तस्वीर के पीछे की कहानी…
डायना, जिसे आर्टेमिस के नाम से भी जाना जाता है, जंगल की देवी है। उसने बचपन में ही तय कर लिया था कि वो आजीवन कुंवारी रहेगी। इसी वजह से डायना को उन लड़कियों की भी देवी कहा जाता है जो प्यूबर्टी की उम्र तक नहीं पहुंची होती हैं। जबकि एक्टिओन किंग कैडमस का बेटा था। वो बहादुर और ताकतवर था। उसे शिकार करने का शोक था।
एक दिन वो शिकार करने के लिए अपने दोस्तों के साथ जंगल गया। शिकार करने के बाद उसके साथी थकान के मारे आराम फरमाने लगे। जबकि एक्टिओन पानी की तलाश में जंगल में घूमने लगा। उस जंगल में एक रहस्यमयी जगह थी जहां डायना दिन भर की थकान के बाद स्नान के लिए आती थी। एक्टिओन गलती से उस जगह पहुंच गया। डायना अपने कपड़े उतारकर तालाब में थी। उसके धनुष बाण काफी दूर रखे थे। डायना के साथ उसकी दोस्त भी तालाब में नहा रही थीं।
डायना ने जैसे ही एक्टिओन को देखा वो सहम गई। तभी उसके साथ मौजूद महिलाओं ने अपने निर्वस्त्र होने की परवाह किए बगैर डायना को चारों और से ढक दिया। एक्टिओन पाबंदियों के बावजूद खूबसूरत और लंबी डायना को देख पा रहा था। उसने अपनी जिंदगी में कभी इतनी खूबसूरत लड़की नहीं देखी थी।
एक्टिओन डायना से नजरें हटा पाता इससे पहले ही डायना ने तालाब से कुछ पानी उसकी तरफ फेंका और कहा- तुम कभी किसी को ये नहीं बता पाओगे की तुमने क्या देखा। डायना के ये शब्द एक तरह का श्राप था। इसे सुनते ही एक्टिओन पलटकर दौड़ने लगा। एक्टिओन ने महसूस किया कि उसके चार पैर हो गए हैं।
वो भागते-भागते एक तालाब के पास पहुंचा तो उसने देखा की वो एक बारासिंघा में तब्दील हो चुका है। जब उसने कुछ बोलना चाहा तो मुंह से एक बारासिंगा की ही आवाज निकली। इस वक्त तक वो उस जगह पहुंच चुका था, जहां उसके साथी और शिकारी कुत्ते आराम कर रहे थे। कुत्तों ने जैसे ही उसकी आवाज सुनी वो उसका पीछा करने लगे। उन्हें अंदाजा तक नहीं था कि वो जिसका पीछा कर रहे हैं वो उन्हीं का लीडर है।
एक्टिओन कुछ ही देर में एक बहादुर राजकुमार से एक लाचार जानवर में तब्दील हो चुका था जिसका वो शिकार करने आया था। कुछ दूर भागने के बाद वो शिकारी कुत्तों के हाथ लग गया और उन्होंने एक्टिओन के टुकड़े-टुकड़े कर दिए।