लंदन । टेनिस की पूर्व विश्व नंबर-1 सितारा खिलाड़ी मारिया शारापोवा मां बन गईं हैं उन्होंने मंगेतर अलेक्जेंडर गिलक्स के साथ अपने बेटे के जन्म की घोषणा कर दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस को यह जानकारी दी। उन्होंने इस पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें मारिया के हाथों में उनका बेटा नजर आ रहा है और पास में उनके मंगेतर भी बैठे हैं।
मारिया शारापोवा ने इस पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा,”हमारा छोटा सा परिवार इससे सुंदर, चुनौतीपूर्ण और दिल को छूने वाला उपहार नहीं मांग सकता था।” पांच बार की ग्रैंड स्लैम चैम्पियन शारापोवा के बेटे का नाम थियोडोर है। उन्होंने रोमन अंक भी पोस्ट किया, जिसमें बेटे थियोडोर के पैदा होने की तारीख 1 जुलाई बताई है।
शारापोवा ने इस साल अप्रैल में अपने 35वें जन्मदिन के मौके पर मां बनने की जानकारी दी थी। तब उन्होंने कहा था कि मेरा परिवार बढ़ने जा रहा है। मैं और मंगेतर अलेक्जेंडर जल्द ही परिवार में एक नए मेहमान का स्वागत करेंगे। मारिया और ब्रिटिश बिजनेसमैन अलेक्जेंडर ने 2018 में अपना रिश्ता सार्वजनिक किया था और 2020 की शुरुआत में दोनों ने इंगेजमेंट की थी।
अलेक्जेंडर इससे पहले एक शादी फैशन डिजाइनर मिशा नोनू से कर चुके हैं। दोनों की शादी 2012 में हुई थी। लेकिन, 2017 में इनका तलाक हो गया था। शारापोवा ने 2020 के फरवरी में पेशेवर टेनिस से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अपने करियर में 36 सिंगल्स खिताब जीते हैं। वो 21 हफ्तों तक दुनिया की नंबर-1 महिला टेनिस खिलाड़ी भी रहीं।
शारापोवा ने हाल ही में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था। वो दो बार फ्रेंच ओपन चैम्पियन रही हैं और उन्होंने एक-एक बार ऑस्ट्रेलियन ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन जीता है। पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा कमाई के मामले में भी किसी से पीछे नहीं हैं। फोर्ब्स मैगजीन के मुताबिक, उनकी नेट वर्थ 220 मिलियन यूएस डॉलर है। वो नाइकी, एवियन जैसे ब्रांड को एंडोर्स भी करती हैं। इसके जरिए भी उनकी करोड़ों रुपये की कमाई होती है। शारापोवा ने 2012 में एक प्रीमियम कैंडी बिजनेस, सुगरपोवा लॉन्च किया था। वो इस ब्रांड की 100 फीसदी मालिक हैं। 2016 में उनके ब्रांड को तब नुकसान हुआ, जब वो एक ड्रग टेस्ट में नए प्रतिबंधित पदार्थ, मेल्डोनियम के लिए फेल हो गईं थीं। वो एक दशक से बेहतर स्वास्थ्य के लिए इसका इस्तेमाल कर रही थीं।