ITDC India e-Press / Agencies

कोरबा  कोरबा जिले की रामपुर में संचालित शराब दुकान को हटाने के लिए क्षेत्र की महिलाओं व स्थानीय पार्षदों के नेतृत्व में चल रहे धरना प्रदर्शन को अब पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का भी समर्थन मील गया हैं। उन्होने कहा कि है जब तक दुकान नहीं हटेगा तब तक आंदोलन जारी रखें प्रदर्शन को श्री कंवर का समर्थन मिलने से दुकान बंद होने की संभावना बढ़ गई है।

रामपुर में संचालित शराब दुकान को बंद कराने के लिए पार्षद चंद्रलोक सिंह व हितानंद अग्रवाल सहित अन्य पार्षदों के नेतृत्व में महिलाओं का अनिश्चत कालीन धरना प्रदर्शन 6 दिन से जारी है। प्रदर्शन का समर्थन देने पहुंचे रामपुर विधायक व पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने कहा कि वे महिलाओं की मांग से सहमत हैं।

जब तक दुकान बंद नहीं हो जाती तब तक उनका समर्थन जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन के पहले दिन दुकान में शराब की खरीदी के लिए आने वालों का महिलाओं ने गांधीगिरी अंदाज में फूल भेंट कर स्वागत किया था।

महिलाओं ने पूर्व गृहमंत्री को समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि विगत कई वर्षों से आईटीआई बालको मुख्य मार्ग पर देशी शराब दुकान संचालित है, प्रति-दिन शाम में शराब प्रेमियों का मेला सड़क पर लगा रहता है। इससे मार्ग से गुजरने वालों को खासी समस्या होती है। परिवार सहित आवागमन करने वालों को सदैव इस सड़क पर छेड़-छाड़ व दुर्घटना का डर बना रहता है।

शराब दुकान के निकट में कन्या छात्रावास व वाल्मीकि कल्याण आश्रम है। आसपास मंदिर और बड़ी बस्तियां भी है। शराब प्रेमियों की भीड़ के कारण महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल है। महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान हटाने को लेकर पहली बार प्रदर्शन नहीं हो रहा। इससे पहले भी पार्षद के नेतृत्व में महिलाएं विरोध कर चुकी है। महिलाओं का कहना है कि यह आर-पार की लड़ाई है। जब तक दुकान नहीं हटाया जाएगा तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।