आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के बाबा हरिदास नगर में 3.2 करोड़ रुपए की लूट के मामले में चौथी गिरफ्तारी की है। इसकी जानकारी मंगलवार को दी गई है। चौथे आरोपी की पहचान हिस्ट्रीशीटर विजय ग्रोवर (41) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि हमने उससे 19.5 लाख रुपए बरामद किए हैं। यह घटना 13 अक्टूबर की रात की है। सभी आरोपियों ने पहले शिकायतकर्ता को किडनैप किया था फिर उसके घर में घुसकर बंदूक दिखाते हुए 3.20 करोड़ रुपए लूट लिए थे। मामले में तीन आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके पास से 1.27 करोड़ रुपए बरामद किए गए हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
जम्मू में मंदिर का हिस्सा गिरा, रेस्क्यू जारी; मृतकों या घायलों की फिलहाल जानकारी नहीं
जम्मू में रणबीरेश्वर मंदिर का एक हिस्सा आज सुबह गिर गया। मौके पर SDRF की टीम मौजूद है और रेस्क्यू जारी है। हादसे में कितने लोग घायल हुए या किसी की मृत्यु की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और वाराणसी में IT की रेड; दोनों जगह सर्राफा और ज्वेलरी शोरूम पर छापेमारी
उत्तर प्रदेश के दो शहरों- गोरखपुर और वाराणसी में आज इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी की। गोरखपुर में एक साथ 3 ज्वेलरी शॉप पर इनकम टैक्स रेड पड़ी। घंटाघर स्तिथ एक ज्वेलरी कारोबारी की यहां दो फर्मो और एक गोरखनाथ फर्म पर IT टीम छापमारी कर रही है। इसी कारोबारी की पटना में भी स्थित फर्मो पर भी छापा पड़ रहा है।
वहीं, वाराणसी के सराफा कारोबारी नारायण दास सराफा के घर और शोरूम पर आयकर विभाग की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची और घर और शोरूम को कब्जे में ले लिया। टीम के अधिकारी दस्तावेज और टैक्स का ब्यौरा खंगाल रहे हैं। नारायण दास सराफा पर गोल्ड कारोबार में करोड़ों के टैक्स चोरी का आरोप है। लखनऊ की टीम के साथ बनारस के अधिकारी भी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश के मेरठ के लोहिया नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक बिल्डिंग में चल रही साबुन फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ। ब्लास्ट इतना तेज था कि पूरी इमारत धराशायी हो गई। मलबे में करीब 14 लोग दब गए। आस-पास के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में 4 लोगों की मौत हो चुकी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और मलबे में से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। डीएम दीपक मीणा के अनुसार, 10 लोग घायल हुए हैं। वहीं NDRF की टीमें मौके पर आकर रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही हैं। फैक्ट्री अवैध थी या सही, इन सबकी जांच की जा रही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची UN में भारत के प्रतिनिधि नियुक्त
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची को जिनेवा के संयुक्त राष्ट्र (UN) और में भारत का स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया है। साथ ही बागची अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भी भारत के स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं। बागची 1995 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारी हैं।
मार्च, 2021 में बागची को विदेश मंत्रालय का प्रवक्ता नियुक्त किया गया। इस पद पर रहते हुए बागची ने पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद, भारत में COVID-19 व्यवस्था और दिल्ली में G20 अध्यक्षता कार्यक्रम जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों और बदलावों को संभाला है।