आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : विदेश में खालिस्तान समर्थकों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। ब्रिटेन के स्कॉटलैंड स्थित गुरुघर में भारतीय दूतावास के अधिकारी पर हमले और उन्हें गुरुघर में जाने से रोकने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि अब खालिस्तान समर्थक झंडे लेकर इंग्लैंड में भारतीय उच्चायोग को घेरने पहुंच गए।

खालिस्तानी समर्थकों की गतिविधियों से पहले ही जागरूक इंग्लैंड की पुलिस ने उच्चायोग के बाहर सुरक्षा के सारे प्रबंध पूरे कर रखे थे। उन्होंने खालिस्तानी समर्थकों को उच्चायोग से काफी दूर बैरिकेडिंग करके रोके रखा। वहीं से खालिस्तानी भारत के खिलाफ जहर उगल कर अपनी नारेबाजी करके वापस लौट गए। पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।

पहले भी ऐंबैसी पर बोल चुके हैं हमला

खालिस्तानी वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल को जब पंजाब पुलिस ढूंढ रही थी तो इंग्लैंड में उसके समर्थकों ने भारतीय उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन किया। खालिस्तानी समर्थकों ने उग्र होते हुए ऐंबैसी पर हमला बोल दिया था। बिल्डिंग पर लगे भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे तो उतार दिया था और उसकी बेअदबी की थी। जिस पर भारत सरकार ने कड़ा संज्ञान लिया था।

NIA को सौंपी थी जांच

इस घटना के बाद भारत सरकार ने इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी थी। NIA ने इंग्लैंड में अपनी टीम भेज कर घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान के लिए वहां से सारे वीडियो कलेक्ट किए थे। इसके बाद उन्हें पब्लिक डोमेन में डाल कर आरोपियों की पहचान बताने के लिए लोगों का सहयोग मांगा था और उसके बाद कई खालिस्तानी समर्थकों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया हुआ है।

ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त पर हमले की कोशिश:गुरुघर में जाने से रोका; स्कॉटलैंड के बाहर से थे खालिस्तानी समर्थक, पुलिस को शिकायत

भारत ने ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी के साथ मारपीट और हमला करने की कोशिश करने वाले खालिस्तानी समर्थकों के खिलाफ ब्रिटिश विदेश कार्यालय और मेट्रोपॉलिटन पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। वहीं, सिख समुदाय सहित भारतीय प्रवासियों ने इस घटना की निंदा की है और खेद जताया है |