सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: एलन मस्क ने ट्विटर का नाम और लोगो बदलने के बाद अब उसके डोमेन को भी बदलकर x.com कर दिया है। उन्होंने X पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा,’सभी कोर सिस्टम अब x.com पर हैं।’

24 जुलाई 2023 को मस्क ने ट्विटर का नाम और लोगो बदलकर X किया था। तब x.com को twitter.com पर रीडायरेक्ट किया गया था, लेकिन अब मेन डोमेन को x.com करने के साथ ही twitter.com को इसपर रीडायरेक्ट कर दिया गया है।

प्राइवेसी और डेटा सेफ्टी सेटिंग्स वही

X के लॉगिन पेज के नीचे अब एक मैसेज भी दिखाई दे रहा है जिसमें लिखा है, ‘हम आपको बता रहे हैं कि हम अपना URL बदल रहे हैं, लेकिन आपकी प्राइवेसी और डेटा प्रोटेक्शन सेटिंग्स वही रहेंगी।’

27 अक्टूबर 2022 को मस्क ने खरीदा था ट्विटर (अब X)

एलन मस्क ने 27 अक्टूबर 2022 को माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर (अब X) खरीदा था। ये डील 44 बिलियन डॉलर में हुई थी। आज के हिसाब से ये रकम करीब 3.6 लाख करोड़ रुपए होती है। तब से लेकर अब तक प्लेटफॉर्म में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। मस्क X को ‘एवरीथिंग ऐप’ बनाना चाहते हैं।

एलन मस्क के बड़े फैसले जो चर्चा में रहे…

  1. आधे से ज्यादा कर्मचारियों को निकाला

ट्विटर खरीदने के बाद मस्क ने सबसे पहले कंपनी के चार टॉप ऑफिशियल्स को निकाला था। इनमें CEO पराग अग्रवाल, फाइनेंस चीफ नेड सेगल, लीगल एग्जीक्यूटिव्स विजया गड्डे और सीन एडगेट शामिल थे। जब मस्क ने एक्स की कमान संभाली थी, तो उसमें करीब 7500 एम्प्लॉई थे, लेकिन अब 2500 के करीब ही बचे हैं।

  1. कई ब्लॉक अकाउंट को अन-ब्लॉक किया

नवंबर 2022 में मस्क ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प समेत कई ब्लॉक अकाउंट को अनब्लॉक कर दिया था। उन्होंने एक्स पर ट्रम्प की वापसी को लेकर एक पोल किया था। उन्होंने पूछा था, क्या प्रेसिडेंट ट्रम्प का अकाउंट बहाल किया जाना चाहिए। हां या ना। 1.5 करोड़ से ज्यादा यूजर्स ने वोटिंग में हिस्सा लिया और 52% लोगों ने हां में जवाब दिया था।

  1. ब्लू सब्सक्रिप्शन सर्विस लॉन्च की

एलन मस्क ने दुनियाभर में ब्लू सब्सक्रिप्शन लॉन्च किया है। भारत में वेब यूजर्स के लिए ब्लू सब्सक्रिप्शन कॉस्ट 650 रुपए है। मोबाइल के लिए सब्सक्रिप्शन चार्ज 900 रुपए महीना है। इसमें ब्लू टिक, लंबे वीडियो पोस्ट समेत कई सारे फीचर्स मिलते हैं। बाद में ब्लू सब्सक्रिप्शन का नाम बदलकर X प्रीमियम कर दिया।