आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में हत्या को लेकर भारत और कनाडा के बीच तनाव है। इसके बावजूद दोनों देश मिलिट्री और डिफेंस कोऑपरेशन जारी रखेंगे। दोनों देशों की सेनाओं की जमीनी और समुद्री ट्रेनिंग पर इस विवाद का असर नहीं पड़ेगा।

कैनेडियन डिप्टी आर्मी चीफ मेजर जनरल पीटर स्कॉट 25 से 27 सितंबर तक भारत दौरे पर रहेंगे। यहां वो इंडो-पैसिफिक आर्मी चीफ कॉन्फ्रेंस (IPACC) में शिरकत करेंगे।

दोनों देशों के बीच डिप्लोमैटिक टेंशन के बीच कैनेडियन डिप्टी आर्मी चीफ के भारत दौरे पर एक अफसर ने न्यूज वेबसाइट ‘द प्रिंट’ से कहा- यह बिल्लियों की लड़ाई जैसा है। शुरुआत में आवाज ज्यादा आती है। जल्द सब शांत हो जाएगा।

भारत आएंगे कैनेडियन डिप्टी आर्मी चीफ

न्यूज वेबसाइट से बातचीत में कर्नल टॉड ब्रेथवेट ने कहा- उम्मीद करता हूं कि भारत और कनाडा के डिफेंस रिलेशन्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कर्नल ब्रेथवेट नई दिल्ली में कैनेडियन हाईकमीशन में डिफेंस अटाचै (मिलिट्री मामलात देखने वाले अफसर) हैं।

ब्रेथवेट ने आगे कहा- भारत और कनाडा के बीच डिफेंस से जुड़े कई सेक्टर्स में कोऑपरेशन है। हमारे डिप्टी आर्मी चीफ कॉन्फ्रेंस के लिए नई दिल्ली आ रहे हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि हालिया विवाद का असर हमारे डिफेंस रिलेशन पर नहीं पड़ेगा। हम समंदर और जमीनी ट्रेनिंग साथ करते हैं और इसके अलावा दोनों देशों के बीच टेक्नोलॉजी शेयरिंग भी है।

ब्रेथवेट के बयान का समर्थन भारतीय सेना ने भी किया है। इंडियन आर्मी के मुताबिक- बाइलेट्रल और मल्टीलेट्रल डिफेंस कोऑपरेशन पर इस विवाद का कोई असर नहीं पड़ेगा। आर्मी हेडक्वॉर्टर में स्ट्रैटेजिक प्लानिंग के एडिशनल डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल राय ने कहा- दोनों देशों के बीच जो डिप्लोमैटिक सिचुएशन है, उसका असर हम पर नहीं होगा। कैनेडियन डेलिगेशन भारत आ रहा है।

सिर्फ आवाज, एक्शन नहीं

IPACC कॉन्फ्रेंस के पहले बुधवार को डिफेंस अटाचै का एक प्रोग्राम होस्ट किया था। इसमें इस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने आ रहे देशों के तमाम डिफेंस अटाचै ने शिरकत की। ऐसे ही एक अफसर ने न्यूज वेबसाइट द प्रिंट से बातचीत में इंटरस्टिंग कमेंट किया। उन्हें उम्मीद है कि भारत और कनाडा के बीच जो कुछ चल रहा है वो आखिरकार बिल्लियों की लड़ाई ही साबित होगा।

इस अफसर ने कहा- क्या आपने कभी बिल्लियों की लड़ाई देखी है? जब ये शुरू होती है तो शुरुआत में काफी साउंड और एक्शन नजर आता है। इसके बाद वो झगड़ा उतनी ही तेजी से शांत भी हो जाता है और दोनों बिल्लियां एक साथ वापस चली जाती हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि ये विवाद भी आखिरकार बिल्लियों के झगड़े जैसा ही साबित होगा।

दोनों देशों के विवाद पर एक नजर

कनाडा में जून में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की गई थी। 18 जून को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाया कि यह हत्या कथित तौर पर भारत के इशारे पर की गई। इसके साथ ही कनाडाई सरकार ने भारत के एक डिप्लोमैट को निकाल दिया। फिर भारत यात्रा करने वाले कैनेडियन के लिए एडवाइजरी भी कर दी।

इसका जवाब भारत ने भी दिया। कनाडा के आरोप नकारे। उनके एक डिप्लोमैट को निकाल दिया और कनाडा में रहने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी भी जारी कर दी। अब तक यह तनाव जारी है। आने वाले कुछ दिन इस पर दुनिया की पैनी नजर रहेगी।