सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जनवरी खत्म होते ही मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली-NCR में गुरुवार (1 फरवरी) को लगातार दूसरे दिन बारिश हो रही है। IMD ने दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग ने बताया कि बारिश के दौरान 30-40 KM की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। इससे ठिठुरन बढ़ेगी। दिल्ली के नरेला में बुधवार (31 जनवरी) को 25 मिलीमीटर बारिश हुई थी। लगातार बारिश से दिल्ली और आसपास के कई इलाकों में पानी भर गया था।

इधर, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बुधवार से बारिश और बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने तीनों राज्यों में 4 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के कटरा, गुलमर्ग सहित कई हिस्सों में आज सुबह भी बर्फबारी हुई। इसके कारण पुंछ और राजौरी को श्रीनगर से जोड़ने वाला मुगल रोड बंद कर दिया गया है।

हिमाचल के ऊंचे पहाड़ों पर बीते 35 घंटे से बर्फबारी और बारिश हो रही है। राज्य के सात जिलों में आज बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। बर्फबारी के बाद मनाली-केलांग और सैंज-लुहरी नेशनल हाईवे सहित 220 से ज्यादा सड़कें और 450 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद हो गए हैं।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की स्थिति

निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और भारी बर्फबारी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सुबह के समय बहुत घना कोहरा जारी रह सकता है।

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान के कुछ हिस्सों, दक्षिण केरल, दक्षिण तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश हो सकती है।

राज्यों में मौसम का हाल…

हिमाचल के 7 जिलों में भारी बर्फबारी का अलर्ट, मनाली में आधा फुट हिमपात; पर्यटकों के चेहरे खिले

हिमाचल में बुधवार (31 जनवरी) से बर्फबारी जारी है। मनाली में बीती रात से आधा फुट से ज्यादा हिमपात हो चुका है। बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। वहीं स्नो-सिटी शिमला अभी तक सीजन के पहले हिमपात को तरस रहा है।

हालांकि बीती रात भारी ओलावृष्टि के बाद शिमला की सड़कें भी सफेद हो गई थीं। IMD ने आज प्रदेश के सात जिलों में बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।