सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को आयकर विभाग के खिलाफ कांग्रेस की याचिका खारिज कर दी है। IT डिपार्टमेंट ने कांग्रेस के खिलाफ 3 साल की रीअसेसमेंट प्रोसीडिंग शुरू की थी, जिसपर रोक की कांग्रेस ने मांग की थी। जस्टिस यशवंत वर्मा और पुरुषेंद्र कुमार कौरव की बेंच ने फैसला सुनाते हुए कहा कि हम रिट याचिकाओं को खारिज करते हैं।
कोर्ट ने 20 मार्च को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। आयकर विभाग ने दावा किया था कि टैक्स ट्रिब्यूनल ने किसी भी कानूनी प्रावधान का कोई उल्लंघन नहीं किया है और बरामदगी के मुताबिक कांग्रेस ने 520 करोड़ रुपए से ज्यादा की आय बचाई है।
2जी घोटाले पर दिल्ली हाईकोर्ट सुनवाई को तैयार, 2017 में आरोपियों के बरी होने के खिलाफ CBI ने याचिका लगाई थी
दिल्ली हाईकोर्ट ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में शुक्रवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो CBI की अपील पर विचार करने की परमिशन दे दी है। दिसंबर 2017 में एक विशेष अदालत ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा, DMK नेता कनिमोझी और तत्कालीन सरकारी अधिकारियों समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया था। इसके खिलाफ CBI ने 2018 में विशेष अदालत के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी।
जस्टिस दिनेश कुमार शर्मा ने CBI की याचिका को 28 मई को सुनवाई के लिए लिस्ट कर दिया है। जस्टिस शर्मा ने कहा कि मामले की दोबारा जांच की जरूरत है। सभी सबूतों पर विचार करने की जरूरत है।
पं.बंगाल के मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा के घर ED की रेड, शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर सर्चिंग जारी
पश्चिम बंगाल के मंत्री और TMC नेता चंद्रनाथ सिन्हा के घर पर ED छापेमारी के लिए शुक्रवार (22 मार्च) को पहुंची। शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर ED ने ये एक्शन लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED की टीम सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर बीरभूम जिले के बोलपूर में उनके आवास पहुंची। ED के अधिकारी ने बताया कि जब वे छापा मारने पहुंचे तब चंद्रनाथ अपने घर पर मौजूद नहीं थे।
सुप्रीम कोर्ट ने के कविता की जमानत याचिका खारिज की, ट्रायल कोर्ट में अपील करने को कहा
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी और विधायक के कविता की जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार (22 मार्च) को खारिज कर दी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कविता को पहले ट्रायल कोर्ट में याचिका लगानी होगी। ED ने 8 घंटे की पूछताछ के बाद 15 मार्च को के कविता को दिल्ली शराब नीति घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर गिरफ्तार किया था।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सभी को यूनिफॉर्म पॉलिसी माननी होगी। के कविता को जमानत के लिए सीधे सुप्रीम कोर्ट में आने की अनुमति नहीं दी जा सकती है, क्योंकि वे एक राजनीतिक व्यक्ति हैं। इसके अलावा उन्होंने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के प्रावधान को भी चुनौती दी थी। इस पर कोर्ट ने ED से 6 हफ्ते में जवाब मांगा है।