लंदन । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी यहां इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेल रही भारतीय टीम का हौंसला बढ़ाने ड्रेसिंग रूम में पहुंचे। भारतीय टीम तीन मैचों की इस सीरीज में 2-0 से आगे है। धोनी के खिलाड़ियों से बात करने की कुछ तस्वीरें भी बीसीसीआई ने अपने ट्विटर हैंडल से जारी की हैं। बीसीसीआई ने ड्रेसिंग रूम के अंदर की जो तस्वीरें शेयर की हैं, उसमें वो अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं। जिसे देखकर यही लग रहा है कि उन्होंने भले ही खेल से संन्यास ले लिया है पर भारतीय क्रिकेट में अभी भी उनका प्रभाव बरकरार है।
धोनी ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से काफी देर बात की. बीसीसीआई ने जो तस्वीरें शेयर की हैं, उसमें युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन सहित सभी खिलाड़ी उनकी बातों को ध्यान से सुनते नजर आ रहे हैं। बीसीसीआई ने भी अपने ट्वीट में लिखा है, “सब हमेशा सुनते हैं, जब धोनी बोलते हैं।” धोनी की इन तस्वीरों को देखकर यही लग रहा है कि वो एजबेस्टन में भारत की यादगार जीत के दौरान स्टेडियम में थे। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में भारतीय पारी की शुरुआत करने वाले ऋषभ पंत ने भी इस पर खुशी जतायी है।
ऋषभ ने धोनी के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, “दोहरी जीत, अगले मुकाबले का हमें इंतजार है।” गौरतलब है कि ऋषभ पूर्व कप्तान धोनी को अपना आदर्श मानते हैं। इससे पहले धोनी ने अपने दोस्तों के साथ विंलबडन टेनिस टूर्नामेंट का क्वार्टर फाइनल मैच देखा था। इसकी तस्वीरें भी विंबलडन आईपीएल टीम सीएसके ने जारी की थीं।