आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इस्तीफा मंजूर नहीं होने से परेशान प्रदेश की बहुचर्चित डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे को बड़ी राहत मिली है। वजह यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने जबलपुर हाईकोर्ट को आदेश दिए हैं कि वह निशा के इस्तीफे के मामले में जल्द कोई फैसला करें। डिप्टी कलेक्टर पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य शासन द्वारा इस्तीफा मंजूर नहीं किए जाने को लेकर निशा ने जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस मामले में पिछले गुरुवार को हुई सुनवाई एक हफ्ते टल गई थी।
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य एवं सीनियर एडवोकेट विवेक तन्खा ने बताया कि निशा के इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने निशा का इस्तीफा स्वीकार करने के मामले में हाई कोर्ट को जल्द निर्णय लेने के आदेश दिए हैं। एक-दो दिन में इस मामले में हाईकोर्ट से निर्णय हो सकता है। दैनिक भास्कर से बातचीत में निशा ने कहा कि उनका इस्तीफा जल्द मंजूर हो गया और कांग्रेस ने उन्हें आमला से प्रत्याशी बनाया तो वे चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।