आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बीजेपी के संकल्प पत्र से पहले एमपी कांग्रेस आजीविका स्व सहायता से जुड़ी महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं। पूर्व सीएम कमलनाथ ने X पर लिखा- आजीविका स्व-सहायता समूह के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के समूह के सदस्यों, पदाधिकारियों एवं सभी श्रेणी के अधिकारी एवं कर्मचारियों को कांग्रेस सरकार बनने पर खुशहाली मिशन से जोड़ेंगे।

खुशहाली मिशन के स्व-सहायता समूहों की विभिन्न गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं की औसतन आय 15 हजार रुपए करने के लिए लक्ष्य बनाएगी। स्व–सहायता समूहों को 1 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण और 3 लाख रुपए का ऋण 1% ब्याज की दर पर उपलब्ध कराएंगे।

मुरैना में फिर साड़ियां बांटीं, दो बोरी जब्त की

मुरैना में एक बार फिर वोटरों को साड़ियां बांटी गईं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और एफएसटी टीम ने दो बोरियां साड़ियां जब्त की हैं। सुमावली विधानसभा क्षेत्र के जताबर गांव में सहायता समूह अध्यक्ष सपना जाटव के घर से दो बोरी में 95 साड़ी मौके पर मिलीं। इसके पहले कई साड़ियां बांटने की बात कही जा रही है। इसके पहले मुरैना में साड़ी और बर्तन बांटने का वीडियो सामने आ चुका है।

तेज बुखार आने पर ऊर्जा मंत्री तोमर भर्ती

ग्वालियर में शनिवार सुबह ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की तबीयत बिगड़ गई। वे हजीरा स्थित सिविल हॉस्पिटल में भर्ती हुए हैं। उन्हें ठंड लगने के साथ तेज बुखार की शिकायत है। डॉक्टर ने डेंगू की जांच के लिए सैंपल लिए हैं। प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी हैं।

इंदौर में कमलनाथ के खिलाफ फिर पोस्टर लगा, FIR

इंदौर के पाटनीपुरा चौराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पोस्टर लगाने के मामले में एमआईजी पुलिस थाने में केस दर्ज हुआ है। पोस्टर पर लिखा है- सवाल 7 करोड़ का। RAW अफसर जी.वी.एम.सिद्धू की किताब के अनुसार कांग्रेस का कौन सा नेता पंजाब में आतंकियों को फंडिंग करता था का प्रश्न पूछा गया है। इसमें ऑप्शन के तौर पर A. कमलनाथ , B. राहुल गांधी ,C. सोनिया गांधी, D. प्रियंका गांधी ऑप्शन दिए गए थे। पोस्टर में मध्यप्रदेश युवा मंच लिखा हुआ था। पिछले दिनों इंदौर 1 में भी पोस्टर लगाकर कमलनाथ को आतंकवाद का जन्मदाता बताया था।

MP में BJP आज जारी करेगी संकल्प-पत्र

मध्यप्रदेश में भाजपा मतदान के छह दिन पहले 11 नवंबर को अपना संकल्प-पत्र (घोषणा पत्र) जारी करने जा रही है। भोपाल में दोपहर 12.30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में इसका विमोचन होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह धार और इंदौर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं करेंगे। कमलनाथ निवाड़ी और सागर जिले के दौरे पर रहेंगे। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा नर्मदापुरम और सिवनी मालवा के डोलरिया में सभा करेंगे। सीएम शिवराज सिंह बैतूल, उमरिया, सिवनी, छिंदवाड़ा दौरे पर रहेंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आलीराजपुर, उज्जैन और इंदौर जिले के दौरे पर रहेंगे।