ITDC India e-Press / Agencies

रायगढ़। सोमवार को कमिश्नर श्री संबित मिश्रा ने नगर निगम के विद्युत एवं वाहन विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने 1100 एवं टोल फ्री नंबर पर आने वाले शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी तरह वाहन विभाग के सभी वाहनों को दुरुस्त रखने की बात कही।
दोपहर के समय दोनों विभाग की बैठक शुरू हुई। इसमें सबसे पहले विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान कमिश्नर श्री मिश्रा ने विद्युत संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1100 शिकायत एवं 18001803580 का बेहतर प्रचार प्रसार करने एवं लोगों को इन नंबरों पर शिकायत के लिए प्रेरित करने की बात कही। इसी तरह कमिश्नर श्री मिश्रा ने इन नंबरों पर मिले शिकायतों का त्वरित निराकरण समय सीमा के अंदर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शहर के अंदर कहीं पर भी स्ट्रीट लाइट संबंधित शिकायतें होने पर इसका समय सीमा के भीतर मरम्मत और सुधार कार्य करें। इस दौरान उन्होंने संबंधित कंपनियों के स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत सामग्री पर्याप्त स्टाक रखने संबंधित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कमिश्नर श्री मिश्रा ने समय सीमा के भीतर विद्युत संबंधित शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद वाहन विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। सभी वाहनों की स्थिति की जानकारी ली गई। कमिश्नर श्री मिश्रा ने कहा कि बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति निर्मित होती है। ऐसे में जेसीबी, जेट मशीन, सक्शन, ट्रैक्टर व अन्य वाहनों की आवश्यकता होती है। इससे ही संबंधित क्षेत्रों में पानी निकासी की समस्या को दूर की जा सकती है। उन्होंने वाहन विभाग के सभी वाहनों को दुरुस्त रखने एवं जिस वाहनों में मरम्मत आदि के कार्य है, उसे तत्काल कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कमिश्नर मिश्रा ने कंडम वाहनों की नीलामी की कार्यवाही विधिवत करने के निर्देश वाहन विभाग के अधिकारियों को दिए। बैठक में कार्यपालन अभियंता श्री नित्यानंद उपाध्याय, सहायक अभियंता श्री सूरज देवांगन सहित निगम के वाहन एवं विद्युत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।