सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: नया महीना यानी जून अपने साथ कई बदलाव लेकर आया है। 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर आज से 72 रुपए तक सस्ता हो गया है। वहीं एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दाम घटने से हवाई सफर सस्ता हो सकता है।
अब ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ड्राइविंग टेस्ट प्राइवेट ट्रेनिंग सेंटर या ड्राइविंग स्कूल जाकर दे सकेंगे। पंजाब नेशनल बैंक में जिन अकाउंट में 3 साल से ज्यादा समय से कोई लेनदेन नहीं हुआ है वो अकाउंट आज से बंद हो जाएंगे।
हम आपको आज से हुए ऐसे ही 5 बदलावों के बारे में बता रहे हैं…
- कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 72 रुपए तक घटे
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज से 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 72 रुपए तक घटा दिए हैं। दिल्ली में दाम अब 69.50 रुपए घटकर 1676 रुपए हो गए हैं। पहले ये 1,745.50 रुपए में मिल रहा था।
वहीं कोलकाता में यह सिलेंडर अब 72 रुपए कम होकर 1787 रुपए में मिल रहा है, पहले इसके दाम 1859 रुपए थे।
मुंबई में सिलेंडर 1698.50 रुपए से 69.50 रुपए कम हो कर 1629 का हो गया है। चेन्नई में सिलेंडर 1840.50 रुपए का मिल रहा है।
हालांकि, 14.2 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह ₹803, कोलकाता में ₹829, मुंबई में ₹802.50 और चेन्नई में ₹818.50 का मिल रहा है।
- ATF की कीमत 7,044.95 रुपए तक घटी, हवाई सफर सस्ता हो सकता है
ऑइल मार्केटिंग कंपनियों ने महानगरों में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों को घटाया है। इससे हवाई सफर सस्ता हो सकता है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार दिल्ली में ATF 6,673.87 रुपए सस्ता होकर 94,969.01 रुपए प्रति किलोलीटर (1000 लीटर) हो गया है। वहीं चेन्नई में ATF 7,044.95 रुपए सस्ता होकर 98,557.14 रुपए प्रति किलोलीटर हो गया है।
- आधार-पैन लिंक न होने पर देना होगा ज्यादा टैक्स
अगर आपने अपने पैन को आधार से लिंक नहीं कराया है तो आज से ज्यादा TDS कटेगा। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने टैक्सपेयर्स से 31 मई से पहले पैन कार्ड को आधार से लिंक कराने को कहा था। पैन को आधार से लिंक करने पर अभी 1000 रुपए की फीस लग रही है।
पैन को आधार से लिंक न करने पर पैन इनऑपरेटिव भी हो जाएगा। हालांकि, जो व्यक्ति एग्जेम्प्टेड कैटेगरी में आते हैं, वे प्रभावित नहीं होंगे। आप घर बैठे चेक कर सकते हैं आपका पैन, आधार से लिंक है या नहीं। पैन-आधार लिंक करने की प्रोसेस के लिए यहां क्लिक करें