सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: छत्तीसगढ़ में रायपुर-दुर्ग रोड पर मंगलवार रात को हुआ बस हादसे की जांच शुरू हो गई है। हादसे में केडिया डिस्टलरी कंपनी के 12 कर्मचारियों की मौत हुई है, जबकि 15 लोग घायल हैं। इनमें 10 की हालत गंभीर है। मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। बस में करीब 40 लोग सवार थे।

हादसा तब हुआ जब कंपनी की बस कर्मचारियों को लेकर फैक्ट्री से रवाना हुई थी। इसी दौरान रास्ते में बस 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। कलेक्टर ने फौरन हादसे की मजिस्ट्रेट जांच कराने के आदेश दिए थे।

वहीं, केडिया डिस्टलरी ने मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपए, एक सदस्य को नौकरी और घायलों के पूरे इलाज का खर्च उठाने की बात कही है। घायलों को एम्स, एपेक्स, ओम और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बुधवार को कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी अफसरों के साथ फिर घटनास्थल पहुंचीं।

कुम्हारी बस हादसे की जांच शुरू

घटना के अगले ही दिन कुम्हारी बस हादसे की जांच भी शुरू हो गई है। IG रामगोपाल गर्ग, एसपी जितेंद्र शुक्ला, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी समेत तमाम अधिकारी आज सुबह से ही घटनास्थल पहुंचे। सुबह 11 बजे डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे और खदान के नीचे उतरकर अधिकारियों से बात की।

सीएम साय ने AIIMS में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

घायलों का हालचाल जानने पहुंचे सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार सुबह रायपुर AIIMS पहुंचकर बस हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टर्स को घायल कर्मचारियों के समुचित इलाज का इंतजाम करने को कहा और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

बस में 40 लोग सवार थे

जानकारी के मुताबिक, हादसा कुम्हारी में खपरी रोड पर मुरुम खदान में हुआ है। केडिया डिस्टलरी के कर्मचारी प्लांट से बस में सवार होकर लौट रहे थे। हादसे के दौरान बस में 40 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। टॉर्च और मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर रेस्क्यू किया गया।

रेस्क्यू में मदद करते स्थानीय लोग। तस्वीर में पलटी हुई बस भी नजर आ रही है।

कर्मचारियों को फैक्ट्री से लेकर निकली थी बस

मंगलवार रात करीब 8 बजे यह बस केडिया डिस्टलरी प्लांट से कर्मचारियों को लेकर निकली थी। इसी दौरान खदान पारा में 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को निकालने की कोशिश शुरू हुई।

घायलों को कुम्हारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को रायपुर AIIMS लाया गया। दूसरी तरफ, घटनास्थल पर बस को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। इसमें स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीम की मदद की।