ITDC India e-Press / Agencies

रायगढ़, 18 जुलाई 2022, जिले में कोविड-19 का संक्रमण एक बार फिर से बढ़ने लगा है। जिसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलावासियों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों का मानना हैं कि कोविड संक्रमण से बचने के कोविड अनुरूप व्यवहारों का पालन जरूरी है। साथ ही दुसरे राज्यों से आ रहे लोगों को कोविड के लक्षण प्रतीत होने पर तुरंत जांच करानी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग के जारी मीडिया बुलेटिन के अनुसार जिले में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या 125 पहुंच चुकी है और इस संख्या में प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में सभी को कोविड संक्रमण से बचने के लिए अधिक सावधानी बरतने की जरुरत है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए इस सम्बन्ध में अशर्फी देवी महिला चिकित्सालय के प्रमुख डॉ. रूपेंद्र पटेल ने बताया “कोविड-19 से बचाव के के लिए मास्क का उपयोग, हाथों की स्वच्छता और 2 गज की दूरी जैसे नियमों का पालन करना आवश्यक है। साथ ही संक्रमण के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए लोगों को अनावश्यक रुप से ज्यादा भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए तथा सार्वजनिक स्थलों पर, सरकारी कार्यालयों में व सार्वजनिक वाहनों में सफर के दौरान मास्क तथा सैनिटाइजर का उपयोग करना आवश्यक है और एक दूसरे से उचित दूरी बनाकर रखें। किसी भी प्रकार के जुकाम, खांसी, बुखार, बदन दर्द तथा सांस से संबंधित समस्या को हल्के में न लें तथा अपनी कोरोना जांच करवाएं। वरिष्ठ नागरिकों व पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।”

बूस्टर डोज जरूर लगवाएं : डॉ. रूपेंद्र पटेल
डॉ. रूपेंद्र पटेल ने आगे कहा: “कोविड-19 महामारी का खतरा अभी पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है, इसलिए सावधानी बरतें। जिले के सभी 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र लोग कोविड वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवाएं। सरकार द्वारा 15 जुलाई से बूस्टर डोज मुफ्त में लगाई जा रही है। जिसका जिला वासियों को भरपूर फायदा उठाना चाहिए और कोविड संक्रमण से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। जिले में 10 लाख के करीब पात्र लोगों ने बूस्टर डोज नहीं लगवाया है, लेकिन अब जब सरकार कोविड संक्रमण को रोकने के लिए मुफ्त में बूस्टर डोज की व्यवस्था 30 सितंबर तक की है तो इस अवधि में टीकाकृत हो अपने और समाज को कोविड के खतरे से बचाएं।

करें अपने परिवार की रक्षा : डॉ. योगेश पटेल
कोविड 19 के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. योगेश पटेल ने लोगों से अपील की है: “ऐसे लोग जो किसी अन्य राज्य से जिले में प्रवेश कर रहे हैं वह एहतियातन अपना कोविड टेस्ट जरूर करवाएं। खासकर उन्हें तो अनिवार्य रूप से अपना कोविड टेस्ट करवाना चाहिए जो ऐसे राज्य से होकर आए हैं जहां कोविड के मामले अधिक हैं। ऐसे में आप अपने परिवार की हिफाजत कर सकते हैं। लापरवाही सभी को भारी पड़ सकती है। जिले के सभी सीएसचसी और पीएससी में आरटीपीसीआर टेस्ट की सुविधा मौजूद है। एंटीजन टेस्ट लगभग सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध है। शहरी क्षेत्र के तीनों यूपीएचसी इंदिरानगर, रामभांठा और गांधीनगर में आरटीपीसीआर टेस्ट हो रहे हैं।“