सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: कनाडा में भी भारतीय-कनाडाई जबरन वसूली गिरोह एक्टिव होने लगे हैं। बीते दिनों कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में एक व्यवसायी के घर के बाहर फायरिंग हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उक्त फायरिंग से जुड़ी एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल की गई है। कनाडा में एक्टिव गैंग का दावा है कि इस वीडियो में फायरिंग करने वाला भारतीय गैंगस्टर है।
कनाडा के एक सीनियर जर्नलिस्ट ने जानकारी साझा की है कि वीडियो में फायरिंग करने के बाद सबसे पहला दावा गोल्डी बराड़ की तरफ से किया गया, लेकिन उसी समय एक और दावा सामने आया, जिसमें गोल्डी बराड़ के प्रतिद्वंदी गिरोह लक्की पटियाल ने भी इस फायरिंग की घटना को अंजाम देने का दावा किया है। घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
UAPA के तहत आतंकी घोषित हो चुका है गोल्डी बराड़
गोल्डी बराड़ पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर का बेटा है। वह भाई के कत्ल के बाद गैंगस्टर बन गया। अब वह चेहरे बदल-बदलकर क्राइम करवाता रहता है। गोल्डी बराड़ पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। साल 1994 में जन्म हुआ, माता पिता ने नाम रखा सतविंदर सिंह। पिता पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे।
बेटे को भी पढ़ा लिखाकर काबिल बनाना चाहते थे, लेकिन सतविंदर उर्फ गोल्डी ने तो अपनी अलग ही राह चुन ली थी। गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की चंडीगढ़ में हत्या हो गई। गुरलाल को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब के बाहर 11 अक्टूबर 2020 की रात गोली मारी गई। वह पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) का छात्र नेता था। जिसके बाद से गोल्डी ने जुर्म की दुनिया में कदम रखा, अब UAPA के तहत आतंकी घोषित हो चुका है।
लॉरेंस बिश्नोई का करीबी है गोल्डी
गुरलाल बराड़ लॉरेंस बिश्नोई का सबसे करीबी था। गुरलाल बराड़ और लॉरेंस पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (SOPU) से जुड़े रहे। गुरलाल बराड़ की हत्या के बाद लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि अब नई जंग की शुरुआत है, सड़कों पर खून नहीं सूखेगा।
इस हत्या का बदला लेने के लिए गोल्डी ने क्राइम का रास्ता चुना। गोल्डी गैंगस्टर्स के संपर्क में आया। जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई से भी इसकी मुलाकात हुई। फिर गोल्डी ने अपने भाई के कत्ल के आरोपी फरीदकोट में जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गुरलाल सिंह की 8 फरवरी 2021 को गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्या के बाद गोल्डी गुपचुप तरीके से स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भाग गया।