आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कनाडा में पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के दोस्त के शोरूम पर फायरिंग करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार हो गया है। आरोपी तनमनजोत सिंह गिल है। जिसकी उम्र 23 साल है। उसने कारोबारी एंडी डुग्गा के ब्रैंपटन स्थित मिलेनियम टायर शोरूम में फायरिंग की थी। यहां फायरिंग करने वाले दोनों ही युवक पंजाबी मूल के थे। हालांकि अभी यह सामने नहीं आया है कि फायरिंग करने वाला युवक किस गैंग से जुड़ा है। दूसरा आरोपी अभी फरार है।
पंजाबी सिख मिलेनियर दुग्गा
एंडी दुग्गा का पूरा नाम इंद्रजीत दुग्गा है। वह कनाडा में पंजाबी सिख मिलेनियर हैं। वह मूल रूप से पंजाब के फगवाड़ा के गांव रामपुरा सुनरा के रहने वाले हैं। 1989 में वह पंजाब से कनाडा गए थे। उन्होंने न्यू मिलेनियम टायर सेंटर खोला था। जिसके बाद उनकी मनकीरत औलख के साथ दोस्ती हो गई। मनकीरत ने कई गानों में उनके नाम का जिक्र भी किया है। इसके अलावा वह पंजाबी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री के साथ भी जुड़े हुए हैं। इसके अलावा कनाडा में कबड्डी टूर्नामेंट करवाने में भी वह काफी आगे रहते हैं।
बंबीहा गैंग के हैं निशाने पर एंडी दुग्गा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से ही एंडी दुग्गा बंबीहा गैंग के निशाने पर हैं। बंबीहा गैंग का आरोप है कि एंडी डुग्गा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को सपोर्ट करते हैं। लॉरेंस गैंग ने ही मूसेवाला का कत्ल कराया था। बंबीहा गैंग का आरोप है कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद आरोपियों को एंडी दुग्गा ने शैल्टर दी थी। हालांकि पंजाब पुलिस और कनाडाई जांच में ऐसा जिक्र कहीं नहीं किया गया है।