आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कनाडा के मिसिसागा शहर में दिवाली की रात भारतीय नागरिकों और खालिस्तान समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान 100 से ज्यादा लोग आपस में भिड़ गए। इस घटना में कुछ युवकों को चोटें भी आईं। दिवाली मना रहे भारतीयों ने तिरंगा फहराया तो दूसरा पक्ष खालिस्तानी बैनर लहराता रहा। विवाद बढ़ता देखकर लोकल पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देखकर हुड़दंग मचा रहे खालिस्तानी वहां से भाग गए।
कनाडा की पील रीजनल पुलिस को इस घटना की सूचना रविवार रात तकरीबन 9.41 बजे मिली। पुलिस के मुताबिक, मिसिसागा की एक लोकल पार्किंग में दो पक्ष आमने-सामने हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ जख्मी युवकों को अस्पताल पहुंचाया। हुल्लड़बाजी करने वालों की पहचान के लिए पुलिस ने एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।
घटना का वीडियो वायरल
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिख रहा है कि दिवाली समारोह के दौरान पील रीजनल पुलिस के जवान आमने-सामने आए दो पक्षों को अलग करने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो में आतिशबाजी की अवाज भी सुनाई देती है।
मिसिगागा शहर की जिस लोकल पार्किंग में यह विवाद हुआ, वहां जमीन पर काफी कचरा भी बिखरा हुआ नजर आता है। यह कचरा दिवाली मना रहे भारतीयों की ओर से चलाए गए पटाखों का बताया जा रहा है। कुछ खालिस्तान समर्थकों ने इस कचरे को उठाकर भारतीयों पर फेंका।
दरअसल यहां भारतीय नागरिक और स्टूडेंट दिवाली मना रहे थे जिनका कुछ खालिस्तान समर्थक विरोध करने पहुंच गए।
भारत के बाद सबसे ज्यादा पटाखे कनाडा में फोड़े गए
दिवाली पर भारत के बाद सबसे ज्यादा पटाखे कनाडा में ही फोड़े गए जहां भारतीय नागरिकों की तादाद अच्छी-खासी है। पंजाब के अलावा यहां दूसरे राज्यों के लोग भी बड़ी संख्या में रहते हैं जिन्होंने दिवाली धूमधाम से मनाई।
इसी तरह के सेलिब्रेशन के दौरान मिसिगागा शहर में कुछ खालिस्तान समर्थक लोगों ने पहुंचकर बवाल किया।
बता दें कि पिछले साल भी इसी जगह दिवाली सेलिब्रेशन के दौरान खालिस्तानियों ने बवाल काटा था जिसके बाद लोकल पुलिस ने हुड़दंग मचा रहे दर्जनों लोगों को हिरासत में ले लिया था।