सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री मोहन यादव के तीन दिवसीय दुबई दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत भारतीय कॉउन्सल जनरल सतीश कुमार सिवन द्वारा आयोजित ब्रेकफास्ट ब्रीफिंग से हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में मध्यप्रदेश और यूएई के बीच संस्थागत संवाद की निरंतरता हेतु एक स्थाई संपर्क तंत्र विकसित करने पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की छवि को ब्रांड इंडिया के अंतर्गत वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में भारतीय मिशन की निर्णायक भूमिका हो सकती है। बैठक के दौरान दुबई में “एमपी डे” आयोजित करने, सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने, और प्रवासी व्यवसायियों को निवेश हेतु प्रेरित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने उद्योग, अधोसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा व पर्यटन क्षेत्रों में संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही कृषि, टेक्सटाइल, ईवी, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में भारतीय मिशन की अगुवाई में सेक्टर-विशेष राउंडटेबल आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
कॉउन्सल जनरल सिवन ने जानकारी दी कि दुबई में कार्यरत मध्यप्रदेश मूल के एमएसएमई व्यवसायियों को प्रदेश सरकार की नीतियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास, विशेषकर ईवी और सौर ऊर्जा से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं भी रेखांकित की गईं।
बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
#ब्रांडइंडिया, #मध्यप्रदेश, #वैश्विकपहचान, #मुख्यमंत्रीमोहनयादव, #दुबईदौरा, #ग्लोबलएमपी