आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के 80+ उम्र के ऐसे बुजुर्ग वोटर, जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं और 17 नवंबर को पोलिंग बूथ तक नहीं आ सकेंगे, उन्हें मंगलवार से ‘वोट फ्रॉम होम’ की सुविधा मिलेगी। पुलिस सुरक्षा के बीच मतदान दल बुजुर्गों के पास पहुंचेगा और वोट डलवाएगा। पूरी प्रोसेस की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। राजधानी में 80+ उम्र के मतदाताओं के लिए ये सुविधा शुरू हो गई है। ऐसे मतदाताओं के पोलिंग टीम पहुंचकर मतदान करा रही है।

भोपाल जिले की सभी 7 विधानसभाओं में 80+ उम्र के कुल 27089 मतदाता हैं। वहीं, 15 हजार 747 दिव्यांग वोटर्स है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रविशंकर राय ने बताया कि कुल 2510 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए 7, 8 और 9 नवंबर को वोटिंग की प्रक्रिया होगी। ये ऐसे मतदाता हैं, जो चल-फिर नहीं सकते। ऐसे में वे बूथ तक नहीं आ सकेंगे। इसलिए आयोग के निर्देशानुसार उन्हें ‘वोट फ्रॉम होम’ की सुविधा दी जाएगी।

सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कर सकेंगे मतदान

बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान कर सकेंगे। कुल विधानसभा में 7 और 8 नवंबर को ही वोटिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। ज्यादा वोटर वाली विधानसभा में 9 नवंबर को भी मतदान की प्रक्रिया चलेगी।

113 टीमें लगेगी, सभी के साथ सुरक्षा व्यवस्था

बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सुरक्षा के लिए कुल 113 टीमें लगाई गई हैं। इनमें सुरक्षाकर्मी के साथ वीडियोग्राफर भी शामिल रहेगा। हर मतदाता की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। टीम में दो मतदानकर्मी रहेंगे। जिस तरह पोलिंग बूथ पर वोटिंग की व्यवस्था रहती है, ऐसा ही सेटअप मतदाता के घर पर तैयार किया जाएगा। ताकि, मत की गोपनीयता बनी रहे। इस दौरान राजनीतिक दल के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

EVM मशीन का द्वितीय रेंडमाइजेशन आज

ईवीएम मशीन का द्वितीय रेंडमाईजेशन मंगलवार को सुबह 10 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राय ने बताया कि रेंडमाईजेशन के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।