सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  बांग्लादेश के एक विवादित नक्शे में भारत के सात राज्यों के कुछ हिस्सों को शामिल किए जाने का मामला संसद में उठा। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने गुरुवार को राज्यसभा में सवाल उठाते हुए विदेश मंत्री से जवाब मांगा कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठा रही है।

सुरजेवाला के अनुसार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों को ‘ग्रेटर बांग्लादेश’ नामक नक्शे में शामिल किया गया है। जवाब में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि सरकार इस प्रोपेगेंडा पर सख्त निगरानी रख रही है और ऐसी किसी भी गतिविधि से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि यह नक्शा 14 अप्रैल 2025 को ढाका यूनिवर्सिटी में एक ऐतिहासिक प्रदर्शनी के दौरान लगाया गया था। इसे ‘सल्तनत-ए-बांग्ला’ नामक इस्लामिक समूह द्वारा तैयार किया गया बताया गया है, जिसे तुर्की की एनजीओ ‘तुर्की यूथ फेडरेशन’ का समर्थन प्राप्त है।

हालांकि, बांग्लादेश सरकार के फैक्ट-चेकिंग मंच ‘BanglaFact’ ने स्पष्ट किया है कि देश में ‘सल्तनत-ए-बांग्ला’ नामक किसी संगठन के अस्तित्व का प्रमाण नहीं है।

जयशंकर ने आश्वस्त किया कि भारत सरकार ऐसे सभी विषयों पर गहरी नजर रखती है जो राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित कर सकते हैं और हर आवश्यक कूटनीतिक व सुरक्षा कदम उठाए जा रहे हैं।

#बांग्लादेश #भारतीयक्षेत्र #नक्शाविवाद #एसजयशंकर #संसदसवाल #राष्ट्रीयसुरक्षा