नई दिल्ली । टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली के खराब फार्म का बचाव करते हुए कहा है कि इस प्रकार का दौर हर क्रिकेटर के जीवन में आता है। विराट पिछले दो साल से लय में नहीं है। उन्होंने साल 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी बार शतक लगाया था। उसके बाद से वह तीनों फॉर्मेट में रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

बांगड़ ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि चिंता की बात नहीं है। इस तरह का दौर हर बड़े क्रिकेटर के करियर में आता है। उन्होंने कहा, ‘सभी प्रारुपों को कुल मिलाकर 57 पारियों से कोहली ने शतक नहीं लगाया है। इस प्रकार का दौर महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर और राहुल द्रविड़ के करियर में भी आया था।

उन्हें भी फॉर्म से संघर्ष करना पड़ा था हालांकि, शतक नहीं लगाने का यह मतलब नहीं है कि उन्होंने टीम के लिए कोई योगदान नहीं दिया।’ बांगड़ ने कहा कि कोहली ने पिछली सीरीज में कई अहम पारियां खेली हैं। इसमें अर्धशतक के अलावा कई बार तीस से चालीस रन भी बनाये हैं।

जो कई बार अहम साबित हुए हैं। बांगड़ जब टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच थे तभी कोहली ने टेस्ट में नंबर वन की रैंकिंग हासिल की थी। हाल ही में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट से पहले भी विराट की सहायता की थी। बांगड़ आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के मुख्य कोच भी हैं।