मुरादाबाद । लखनऊ स्थित लुलु मॉल विवाद पर समाजवादी पार्टी (सपा) नेता आजम खान ने सनसनीखेज दावा किया है। आजम खान ने आरोप लगाया कि लुलु मॉल के मालिक का राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसए) से सीधा संबंध है। लुलु माल के मालिक के निर्देश पर ही लुलु मॉल में अनधिकृत रूप से नमाज अदा की गई।
यूपी के मुरादाबाद में अदालत के एक मामले में आए आजम खान ने कहा लुलु मॉल का मालिक आरएसएस के लिए धन जुटाता है और वह राज्य में सांप्रदायिक हिंसा पैदा करना चाहता है। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में लखनऊ में लुलु मॉल के उद्घाटन के बाद कुछ लोगों ने वहां अनधिकृत रूप से नमाज अदा की थी, जिससे विवाद खड़ा हो गया था। इसके विरोध में कुछ हिंदू संगठन हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहते थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घटना पर कड़ा संज्ञान लेने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, इस लुलु मॉल विवाद पर जब बीते दिनों आजम खान से सवाल पूछा गया था तो उन्होंने इस विवाद पर कुछ भी बोलने से इनकार किया था और कहा था कि मैं कभी मॉल गया ही नहीं तो लुलु मॉल के बारे में क्या बयान दूं? हम आज तक किसी मॉल में गए ही नहीं। जो लोग जा रहे हैं, उनसे पुछिए।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओपी राजभर के बारे में खान ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी में वापस नहीं आ सकते क्योंकि वह भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। सपा ने हाल ही में राजभर को एक पत्र भेजकर कहा था कि जहां भी उन्हें अधिक सम्मान मिले, वहां जाएं। राजभर की पार्टी सुभासपा ने राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा को समर्थन दिया था।