सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आगामी लोकसभा चुनाव की बीजेपी ने तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को तेलंगाना जाएंगे। वह यहां हैदराबाद, करीमनगर और महबूबनगर में तीन प्रमुख बैठकों में हिस्सा लेंगे।
भाजपा सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शाह दोपहर 1.30 बजे महबूबनगर लोकसभा क्षेत्र की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में भाग लेंगे, इसके बाद शाम 4 बजे करीमनगर की मतदान केंद्र समिति की बैठक करेंगे।
अमित शाह शाम 6 बजे हैदराबाद में सिकंदराबाद निर्वाचन क्षेत्र के पेशेवरों के सम्मेलन में भाग लेंगे। वहीं महबूबनगर का कार्यक्रम एक बंद कमरे में होगा।
तेलंगाना में 10 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा, पिछली बार चार जीती थी
अमित शाह ने 28 दिसंबर, 2023 को राज्य का दौरा किया था। उन्होंने पार्टी के लिए 2024 के लोकसभा चुनावों में तेलंगाना में कम से कम 10 सीटें जीतने और 35 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने का लक्ष्य रखा था।
भाजपा ने 2019 के चुनावों में तेलंगाना की कुल 17 लोकसभा सीटों में से सिकंदराबाद, करीमनगर, निजामाबाद और आदिलाबाद निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की थी।
2023 विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली आठ सीटें
तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों पर 2023 चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने 64 सीटें जीती थीं जबकि भारत राष्ट्र समिति (BRS) को 39 सीटें मिली थी। भाजपा को 8, AIMIM को 7 और एक सीट CPI के खाते में गई थी।
राज्य में 70.66% वोटिंग हुई थी। यह 2018 के मुकाबले 2.76% कम थी। कांग्रेस को इस बार 39.39%, BRS को 37.37%, BJP को 13.87% और AIMIM को 2.21% वोट मिले। अन्य दलों ने करीब 7% वोट हासिल किए।
लोकसभा चुनाव के लिए BJP प्रभारियों की लिस्ट: UP में बैजयंत पांडा, MP में महेंद्र सिंह की नियुक्ति
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी ने 23 राज्यों के चुनाव प्रभारियों की लिस्ट जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी बैजयंत पांडा को दी गई है। बिहार का जिम्मा विनोद तावड़े के पास ही रहेगा। वहीं मध्य प्रदेश में चुनाव का जिम्मा महेंद्र सिंह संभालेंगे।