सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया। इस दौरान संसद के सभी सदस्य, देश के चीफ जस्टिस के अलावा सभी अहम संवैधानिकों पदों के सदस्य मौजूद रहे। इसे स्टेट ऑफ द यूनियन एड्रेस कहा जाता है। यह अमेरिकी राष्ट्रपति का साल का सबसे अहम भाषण होता है।
चुनाव से पहले आखिरी यूनियन एड्रेस में 81 साल के बाइडेन ने उम्र को लेकर उनकी आलोचना करने वाले लोगों को जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘कभी मुझे कहा जाता था कि मैं बहुत छोटा हूं, इसकी वजह से कभी-कभी तो मुझे वोटिंग के लिए सांसदों के एलिवेटर (लिफ्ट) में घुसने नहीं दिया जाता था।
अब मुझे कहा जाता है कि मैं बहुत बूढ़ा हूं। चाहे जवान हूं या बूढा मैं हमेशा से सहन करना जानता हूं। अमेरिका के मूल्य यही हैं कि हम सब बराबर पैदा हुए हैं और हमारा अधिकार है कि हमारे साथ पूरी उम्र बराबरी से व्यवहार किया जाए।’
अमेरिकी चुनावों में प्रवासी बहुत बड़ा मुद्दा है। ऐसे में बाइडेन ने प्रवासियों पर बात करते हुए कहा- ‘मैं ट्रम्प की तरह प्रवासियों को राक्षस नहीं मानता। मैं उनकी तरह नहीं कहूंगा कि प्रवासी अमेरिका के खून में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। मैं लोगों पर सिर्फ उनके धर्म के आधार पर प्रतिबंध नहीं लगाउंगा। अमेरिका दुनिया के हर कोने से आए लोगों के लिए सुरक्षित जगह है।’
अफगानिस्तान में मारे गए एक अमेरिकी सैनिक के पिता ने बाइडेन की स्पीच में बाधा डालने की कोशिश की। स्पीच के दौरान सैनिक के पिता बाइडेन पर चिल्लाने लगे।
बाइडेन का वादा- हमास से इजराइली बंधकों को छुड़ाकर रहेंगे
बाइडेन ने संबोधन की शुरुआत में कहा कि आज दुनिया में लोकतंत्र और आजादी सबसे ज्यादा खतरे में है। अगर किसी को भी लगता है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन से पीछे हट जाएंगे तो वो गलतफहमी में है। मैं पुतिन को बताना चाहता हूं कि हम यूक्रेन का साथ कभी नहीं छोड़ेंगे और हम रूस के आगे कभी नहीं झुकेंगे। बाइडेन ने संसद के सामने यूक्रेन के लिए एड जारी रखने की अपील की।
हम यूक्रेन में अपने सैनिकों को नहीं भेजेंगे। यूक्रेन ने हमसे हथियारों के मामले में सैन्य सहायता मांगी है, जिससे वो रूस का मुकाबला कर सके। ट्रम्प का नाम लिए बिना बाइडेन बोले- पूर्व राष्ट्रपति ने रूस को नाटो देशों के खिलाफ मनमानी करने के लिए उकसाया था। वो पुतिन के आगे झुक गए। इस तरह का बयान बेहद खतरनाक है और इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बाइडेन ने हमास की कैद में इजराइलियों को वापस घर लाने का वादा किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने फिलिस्तीन में हो रही हिंसा और मौतों को दिल तोड़ने वाला भी बताया। बाइडेन के भाषण के दौरान कई अमेरिकी सांसदों ने फिलिस्तीन का समर्थन किया। वे हाथ में पोस्टर लेकर बैठे थे, जिन पर लिखा था- बम भेजना बंद करो। भाषण से पहले फिलिसितीनी समर्थकों ने बाइडेन के काफिले को रोकने की कोशिशें की थी। इसके चलते बाइडेन को लंबे रूट से कैपिटल हिल पहुंचना पड़ा।