आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के स्पीकर केविन मैक्कार्थी को उनके पद से हटा गिया गया है। मंगलवार को हुई वोटिंग में रूलिंग पार्टी डेमोक्रेटिक के 208 सांसदों ने मैक्कार्थी को पद से हटाने के लिए वोट दिया। रिपब्लिकन पार्टी के 8 सांसदों ने भी स्पीकर के खिलाफ वोट दिया।
इससे मैक्कार्थी के विरोध में कुल 216 वोट पड़े। वहीं रिपब्लिकन पार्टी के बाकी 210 सांसदों ने मैक्कार्थी के पक्ष में वोट दिया। अमेरिका के इतिहास में ये पहली बार हुआ है जब सत्ता में मौजूद पार्टी ने हाउस स्पीकर के खिलाफ वोट डालकर उन्हें पद से हटाया है। इसके बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मैक्कार्थी ने कहा कि वो दोबारा पद के लिए खड़े नहीं होंगे।
मैक्कार्थी के करीबी मैकहेनरी बने अंतरिम स्पीकर
अमेरिका का हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के स्पीकर का पद करीब 1 हफ्ते तक खाली रहेगा। रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं ने बताया कि वो 10 अक्टूबर को मिलकर नए स्पीकर पर चर्चा करेंगे। इसके बाद 11 अक्टूबर को वोटिंग होगी। नए स्पीकर के चुनाव तक नॉर्थ कैरोलिना के पैट्रिक मैकहेनरी को अंतरिम स्पीकर चुना गया है। वे मैक्कार्थी के काफी करीबी माने जाते हैं।
मैक्कार्थी को हटाने की पहल क्यों हुई
दरअसल, अमेरिका में शटडाउन को टालने के लिए फंडिंग बिल लाया गया था। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स से इसे पास कराने में मैक्कार्थी ने अहम भूमिका निभाई थी। इस वजह से मैट गेट्ज सहित कुछ रिपब्लिकन सांसद उनसे नाराज थे। ऐसे में उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेता के खिलाफ प्रस्ताव लाने का फैसला किया।
मैक्कार्थी रिपब्लिकन पार्टी के नेता हैं। ऐसे में रूलिंग पार्टी ने उन्हें पद से हटाने का अच्छा मौका देखते हुए मैक्कार्थी के खिलाफ वोट किया। इसी के साथ मैक्कार्थी 269 दिन अमेरिका के हाउस स्पीकर रहे। उन्होंने 7 जनवरी को ये पद संभाला था।
17 नवंबर शटडाउन रोकने की आखिरी तारीख
स्पीकर का पद खाली होने से अमेरिका के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में लैजिस्लेटिव कामकाज रुक गया है। दूसरी तरफ, अगर अमेरिकी कांग्रेस ने फंडिंग को नहीं बढ़ाया तो 17 नवंबर को एक और सरकारी शटडाउन की समय सीमा समाप्त हो जाएगी।
मैक्कार्थी को पद से हटाए जाने के बाद रिपब्लिकन सांसद गेट्ज ने कहा- वो दलदल के एक प्राणी हैं। उन्होंने पावर के लिए स्पेशल इंटरेस्ट का पैसा इकट्ठा करके उन लोगों में बांटा जो मैक्कार्थी के लिए काम करते थे। हम ये क्रम अब तोड़ रहे हैं।
15 बार वोटिंग के बाद स्पीकर बन पाए थे मैक्कार्थी
जनवरी में जब अमेरिका में स्पीकर के पद के लिए चुनाव हुआ था, तो कुल 15 बार वोटिंग हुई थी। दरअसल, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में 2022 के मिडटर्म चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बहुमत मिला था। 435 सीटों में से 222 सीटें रिपब्लिकन पार्टी को मिली थीं, जबकि डेमोक्रेटिक को केवल 213 सीट ही मिल पाई थी।
ऐसे में माना जा रहा था कि रिपब्लिकन पार्टी आसानी से अपना स्पीकर चुन लेगी। हालांकि, ऐसा नहीं हो पा रहा था। खुद पार्टी ही अपने उम्मीदवार केविन मैकार्थी के स्पीकर चुने जाने पर एकजुट नहीं थी। 14 बार हुई वोटिंग में उन्हें बहुमत नहीं मिला था।
इसके बाद जब 15वीं बार वोटिंग हुई तो रिपब्लिकन नेता मैट गैट्ज ने स्पीकर के लिए डोनाल्ड ट्रंप का नाम आगे बढ़ा दिया था। वो इकलौते ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने ट्रंप को स्पीकर बनाने के पक्ष में वोट किया था।