आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पंजाब के प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने अमेरिका में मारे गए समाना के गांव तलवंडी मलिक के करणवीर सिंह के पीड़ित परिवार से मुलाकात करके अफसोस जाहिर किया।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से शोक संतप्त परिवार के साथ सहानुभूति व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा कि परिवार की मांग के अनुसार पंजाब सरकार केंद्रीय विदेश मंत्रालय को मामला भेज रही है।

जल्द वीजा के लिए सिफारिश भेजी जाएगी

उन्होंने मृतक की पत्नी नवनीत कौर और नाबालिग बेटे नवकाश सिंह को दिलासा देते हुए कहा कि करणवीर सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्यों को वीजा दिलाने के लिए डिप्टी कमिश्नर द्वारा सिफारिश एनआरआई विभाग के माध्यम से एंबेसी को जल्द भेज दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

परिवार चाहे तो करणवीर का शव भारत लाया जा सकता है

इस मौके पर दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने मीडिया बातचीत में कहा कि अगर परिवार करणवीर सिंह का शव भारत लाना चाहता है तो पंजाब सरकार उसमें भी पूरी मदद करेगी। इसके अलावा उनके बेटे की पढ़ाई और पत्नी को किसी तरह का रोजगार पाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम चरणजीत सिंह से कहा कि परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

सरकार की कोशिश है कि युवाओं को विदेश न जाना पड़े

एक अन्य सवाल के जवाब में कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ऐसे प्रयास कर रही है कि पंजाब के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के लिए विदेश न जाना पड़े। इसके लिए सरकार नौकरियां दे रही है । इस अवसर पर गुरदेव सिंह टिवाणा, गुलजार सिंह विर्क, एडीसी अनुप्रिता जोहल, डीएसपी नेहा अग्रवाल और अन्य लोग उपस्थित थे।