आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (यूसीबीपी) द्वारा शुक्रवार को भारतीय मूल के लोगों की एंट्री को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया गया। आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर 2022 और सितंबर 2023 के बीच अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले भारतीय मूल के लोगों की गिनती रिकॉर्ड स्तर पर है। अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने पर 96 हजार 917 भारतीयों को गिरफ्तार किया है। इनमें ज्यादातर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश से हैं।

कनाडा और मेक्सिको बॉर्डर से सबसे ज्यादा एंट्री

अवैध रूप से अमेरिकी सीमा पार करते समय पकड़े गए भारतीयों की संख्या में कथित तौर पर पिछले वर्षों में पांच गुना वृद्धि देखी गई है। 2019-20 में 19,883 भारतीयों को पकड़ा गया। आंकड़ों के मुताबिक 2020-21 में 30,662 भारतीयों को गिरफ्तार किया गया। जबकि 2021-22 में यह संख्या 63,927 थी।

अक्टूबर 2022 से सितंबर 2023 के बीच 96,917 भारतीय गिरफ्तार किए गए। इनमें 30,010 भारतीयों ने कनाडा बॉर्डर और 41,770 मेक्सिको बॉर्डर के जरिए प्रवेश करना शुरू किया। बता दें गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बड़ी संख्या में भारतीय बच्चे भी शामिल हैं।

मानव तस्कर कराते हैं बॉर्डर पार

अमेरिका सरकार के प्रवक्ता सीनेटर जेम्स लैंकफोर्ड ने गुरुवार को सीनेट में कहा कि ये लोग निकटतम हवाई अड्डे मेक्सिको तक पहुंचने के लिए फ्रांस जैसे देशों से होकर लगभग 4 उडानें लेते हैं। इसके बाद वह बॉर्डर पर पहुंच कर तारों और दीवारों को फांद कर अमेरिका में घुस जाते हैं। उन्होंने कहा- इस में कई लोग मेक्सिको के मानव तस्करों की भी सहायता लेते हैं।

ज्यादातर का बहाना एक जैसा- मुझे मेरे देश में खतरा है

लैंकफोर्ड ने कहा- इस साल अब तक हमारे पास भारत से लोग सरकार द्वारा लगाए गए बांड (फाइन) भर चुके हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादातर लोगों के पास एक ही बहाना होता है कि उन्हें भारत में जान-माल का खतरा है। जिसके चलते वह अपने देश वापस नहीं लौटना चाहते। उन्होंने कहा- ये सिर्फ भारतीयों के लिए ही नहीं है, मेक्सिको बॉर्डर से कई देशों से लोग आते हैं।