सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि 16 माह में ग्वालियर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का निर्माण पूर्ण कर ग्वालियर ने देश में द्रुत गति से कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया है, यह देश में तेज गति से हो रहे विकास का प्रतीक है। हमारी सरकार देश के सभी परिवारजनों के जीवन को आसान बनाने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। सामान्यजन के लिए विमान यात्रा को अधिक सहज एवं सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हवाई सेवाओं का विस्तार छोटे शहरों तक हो रहा है, इससे औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी आजमगढ़ उत्तरप्रदेश से देश की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वीडियों कान्फ्रेंसिंग से राजमाता विजयाराजे सिंधिया ग्वालियर एयरपोर्ट के नये टर्मिनल भवन का भी उदघाटन किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा 9 हजार 811 करोड़ लागत की देश की 14 अन्य हवाई अड्डा परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया गया।
राजमाता विजयाराजे सिंधिया की भव्य प्रतिमा का हुआ अनावरण
ग्वालियर एयर पोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन व इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदलसिंह कंषाना उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजमाता विजयाराजे सिंधिया की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रगान के बाद दीप प्रज्ज्वलित कर तथा संतों का सम्मान कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विकास की अनंत यात्रा का अभियान जारी है
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि वर्तमान समय में एक ही स्थान से देश में अलग-अलग स्थानों पर स्थित संस्थानों एवं सुविधाओं का शुभारंभ किया जा रहा है, जो दर्शाता है कि हमारी प्रतिबद्धता घोषणाओं और शिलान्यासों तक सीमित नहीं हैं, हम विकास को धरातल पर उतारने में विश्वास रखते हैं और इसी के लिए निरंतर कार्यरत हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि देश में विकास की अनंत यात्रा का अभियान जारी है। वर्ष 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने के लिए हम तेज गति से दौड़ रहे हैं। एयरपोर्ट, हाई-वे और रेलवे जैसी अधोसंरचना के साथ-साथ पढ़ाई, पानी और पर्यावरण से जुड़े कार्यों को भी नई गति मिली है। देश में तेजी से हो रहे नगरीकरण के लिए टीयर-टू व टीयर-थ्री शहरों में आधुनिक अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है, यही डबल इंजन सरकार का मूल मंत्र है। बढ़ती कनेक्टिविटी से हम युवाओं के लिए सुनहरा भविष्य लिखने जा रहे हैं। सही नीयत और ईमानदारी से काम के परिणाम स्वरूप ही विकास को गति और विस्तार मिलता है।
श्रमिकों को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 40 हजार रुपए तक की मदद दी जाएगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर एयरपोर्ट पर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना 2.0 के अंतर्गत 30 हजार 551 श्रमिक परिवारों के खातों में 678 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से जारी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रमिकों को दिव्यांगता और मृत्यु के आधार पर मिलने वाली एक लाख रुपए की सहायता को 4 लाख रुपए करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हर दुःख में हमारी सरकार उनके साथ है। श्रमिकों को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 40 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मजदूर भाई-बहन के हित में अकुशल श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाकर 11 हजार 450 रुपए, अर्धकुशल श्रमिकों की मजदूरी 12 हजार 446 रुपए, खेतिहर मजदूरों की मजदूरी 9 हजार 160 रुपए करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्ट टाइम मजदूरी करने वालों को संबल योजना से जोड़कर लाभान्वित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव ला रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में विमान सेवा विस्तार के लिए केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया का माना आभार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में नए युग का बदलता भारत विकास के नए प्रतिमान गढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी हवाई सेवाओं को हवाई चप्पल पहनने वाले की पहुंच में लाने के लिए प्रयासरत हैं। आज का दिन अनेक कारणों से महत्वपूर्ण है। श्रद्धेय राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी के नाम पर नए विमान तल का लोकार्पण, समृद्ध विरासत के साथ ही बदलते दौर के बदलते भारत के विकास का प्रतीक है।