सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: पीएम आवास के पास एयरफोर्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बंद, जमीन वापसी की तैयारी तेज
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास के पास लोक कल्याण मार्ग पर स्थित भारतीय वायु सेना (IAF) के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को 28 अक्टूबर से अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इस परिसर में गोल्फ कोर्स, स्विमिंग पूल, रेस्तरां और अन्य खेल एवं मनोरंजन सुविधाएं मौजूद हैं। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब केंद्र सरकार दिल्ली में महत्वपूर्ण सरकारी जमीनों को वापस लेने की प्रक्रिया तेज कर रही है।
रेस कोर्स एयरफोर्स स्टेशन के भीतर स्थित यह परिसर वायु सेना के सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ उनके परिवारों के लिए भी उपयोगी रहा है। अधिकारियों की ओर से सदस्यों को संदेश भेजकर सूचित किया गया कि परिसर 28 अक्टूबर की सुबह पांच बजे से अगले आदेश तक बंद रहेगा। अचानक बंदी के कारण 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह के लिए प्रस्तावित पारंपरिक विदाई गोल्फ कार्यक्रम भी रद्द हो गया।
रिपोर्टों के अनुसार, केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने भारतीय वायु सेना को सूचित किया था कि उसे इस परिसर के लिए आवंटित जमीन की आवश्यकता है। मंत्रालय के अधीन भूमि एवं विकास कार्यालय (L&DO) ने परिसर का सर्वेक्षण भी किया है। वायु सेना के एक प्रवक्ता के अनुसार, यहां अग्निवीरों और वायु सेना कर्मियों के प्रशिक्षण के साथ फिटनेस और मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। आगे की कार्रवाई पर चर्चा जारी है।
यह घटनाक्रम दिल्ली में सरकारी जमीनों को वापस लेने के व्यापक अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। इससे पहले सरकार दिल्ली रेस क्लब की 53 एकड़ जमीन और जयपुर पोलो ग्राउंड का कब्जा वापस ले चुकी है। वहीं, दिल्ली जिमखाना क्लब की लगभग 27 एकड़ जमीन को लेकर कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।
हालांकि, एयरफोर्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को बंद किए जाने से यह स्पष्ट नहीं होता कि जमीन का हस्तांतरण पूरी तरह हो चुका है या आगे की प्रक्रिया अभी बाकी है। सरकार ने इस जमीन के भविष्य में इस्तेमाल की योजना भी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं की है। ऐसे में जमीन वापसी और उसके प्रस्तावित उपयोग को लेकर स्थिति पर आगे के आधिकारिक फैसलों का इंतजार है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #पीएम #आवास #पास #एयरफोर्स #स्पोर्ट्स #कॉम्प्लेक्स #बंद #पीएमआवासकेपास