ITDC India e-Press / Agencies

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने 15 दिन के भीतर एक बार फिर 62 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। इस बार बिलासपुर रेल मंडल के हिमगिर स्टेशन में चौथी रेल लाइन कनेक्टिविटी के लिए नान-इंटरलाकिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए रेलवे ने एक साथ ट्रेनों को 21 से 28 अगस्त तक रद्द करने का आदेश जारी किया है। रेल प्रशासन ने इससे यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है।

रेलवे की ओर से छत्तीसगढ़ की ट्रेनों को कैंसिल करने की मनमानी कम ही नहीं हो रही है। कभी कोयला परिवहन तो कभी विकास कार्यों के बहाने ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला पिछले 6 माह से चल रहा है। ग्रीष्म कालीन अवकाश के पहले फरवरी से लेकर जून तक बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। कोरोना काल के बाद से SECR की यात्री ट्रेनें अब तक पूरी तरह पटरी पर नहीं आ पाई है।

रक्षा बंधन पर्व पर 6 से 16 अगस्त तक कैंसिल थी 63 गाड़ियां
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रक्षाबंधन पर्व के ठीक पहले 6 अगस्त से 16 अगस्त तक 68 ट्रेनों को कैंसिल करने का आदेश जारी किया था। हालांकि, दूसरे दिन कुछ गाड़ियों को बहाल किया गया। इसके बावजूद रक्षाबंधन पर्व के दौरान 60 से अधिक गाड़ियों का परिचालन बंद कर दिया गया था। रेलवे ने नागपुर रेल मंडल के कन्हान रेलवे स्टेशन के यार्ड आधुनिकीकरण और रीटा स्टील साइडिंग को जोड़ने के बहाने ट्रेनों को कैंसिल किया था।