आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पिछले महीने चीन के पूर्व विदेश मंत्री क्विन गेंग को प्रेसिडेंट शी जिनपिंग ने पद से हटा दिया था। इसके पहले करीब दो महीने तक गेंग किसी पब्लिक प्लेटफॉर्म पर नजर नहीं आए थे। अब अमेरिकी अखबार ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि गेंग को एक्सट्रा मैरिटल अफेयर और उससे जन्मे बच्चे की वजह से हटाया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक- जिनपिंग और चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी ने इस मामले की जांच कराई थी। गेंग के अफेयर का खुलासा होने के बाद उन्हें नेशनल सिक्योरिटी के लिए खतरा माना जा रहा था। हालांकि, इस बारे में पहले ही शक था कि एक टीवी एंकर से अफेयर की वजह से गेंग को कुर्सी छोड़नी पड़ी थी।

अफेयर से बेटा, उसकी नागरिकता का पता नहीं

अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक- गेंग फॉरेन मिनिस्टर बनने से पहले 18 महीने अमेरिका में एम्बेसेडर रहे थे। इसी दौरान उनका चीन की ही एक महिला टीवी एंकर फू जियोतियान से अफेयर हो गया। इस अफेयर से एक बेटा भी हुआ। जून में गेंग आखिरी बार नजर आए थे। इसके बाद उन्हें कभी किसी पब्लिक प्लेटफॉर्म पर नहीं देखा गया। पिछले महीने जिनपिंग ने नया फॉरेन अफेयर्स मिनिस्टर अपॉइंट कर दिया। रिपोर्ट में आगे कहा गया- जियोतियान जनवरी में गेंग के साथ ही अमेरिका से बीजिंग लौटी थीं। इसके बाद फिर अमेरिका गईं। फरवरी में अमेरिका और चीन के बीच स्पाय बैलून को लेकर जबरदस्त तनाव था। अमेरिका ने इसे मार गिराया था। इस दौरान गेंग ही चीन की तरफ से कमान संभाल रहे थे।

बहरहाल, अप्रैल में सोशल मीडिया पर जियोतियान का एक फोटो वायरल हुआ। इसमें वो किसी एयरक्राफ्ट में नजर आ रहीं थीं, उनकी गोद में एक न्यूबॉर्न बेबी था। इसके साथ ही उन्होंने गेंग का फोटो भी शेयर किया। अब तक यह साफ नहीं है कि इस बच्चे का जन्म किस देश में हुआ और उसको नागरिकता किस देश की मिली है। अमेरिकी अखबार ने जब चीन की फॉरेन मिनिस्ट्री से इस मामले पर जवाब जानना चाहा तो उन्होंने चुप्पी साध ली।

सात महीने पहले बने थे फॉरेन मिनिस्टर

अमेरिकी मीडिया से पहले ब्रिटिश अखबार ‘द टाइम्स’ ने जुलाई में सूत्रों के हवाले से बताया था कि गेंग को पद से हटा दिया गया है और इसके लिए उनकी खराब सेहत को वजह बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक एग्रेसिव डिप्लोमैसी के लिए मशहूर 57 साल के गेंग का चीन की 40 साल की टीवी प्रेजेंटर फू जियोतियान से अफेयर है। कम्युनिस्ट पार्टी को लगता है कि इस अफेयर की वजह से उसकी बदनामी हो रही है।

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि गेंग के अफेयर की बात कन्फर्म होने के बाद पहले उन्हें साइडलाइन किया गया और बाद में हटा दिया गया। यही वजह है कि वो किसी पब्लिक प्लेटफॉर्म पर नजर नहीं आ रहे। उन्होंने दिसंबर में पद संभाला था।

जियोतियान ने कुछ महीनों पहले गेंग का इंटरव्यू लिया था। इसके बाद भी उन्हें गेंग के साथ कई बार देखा गया। लोकल सोशल मीडिया नेटवर्क पर गेंग के अफेयर की खबरें सामने आईं तो उन्हें इस्तीफा देने के कह दिया गया। हालांकि विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि करने से इनकार करते हुए पिछले हफ्ते सिर्फ यही कहा था कि फॉरेन मिनिस्टर की सेहत ठीक नहीं है। वो जकार्ता में एक अहम मीटिंग में भी शामिल नहीं हुए थे।