लंदन । इंग्लैंड के होनहार खिलाड़ी आदिल राशिद को वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने मक्का की हज यात्रा करने की इजाजत प्रदान कर दी है, जिससे यह लेग स्पिनर अगले महीने भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला में नहीं खेल पाएगा। राशिद शनिवार को सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे, जिसका मतलब है कि वह यॉर्कशर की तरफ से टी-20 ब्लास्ट के अंतिम चरण के मैचों में भी नहीं खेल पाएंगे। राशिद ने कहा, ‘मैं पिछले कुछ समय से हज यात्रा पर जाना चाहता था, लेकिन उचित समय नहीं मिल रहा था।

इस साल मुझे लगा कि यह कुछ ऐसा है जो मुझे करना था, कुछ ऐसा जो मैं करना भी चाहता था। मैंने इस बारे में ईसीबी और यॉर्कशर से बात की और वे मेरी बात को समझ गए। उन्होंने कहा कि आपको ऐसा (हज यात्रा) करना चाहिए। मैं कुछ सप्ताह तक वहां रहूंगा।’
राशिद इंग्लैंड के हाल ही में समाप्त हुए नीदरलैंड दौरे का हिस्सा थे, जहां उनकी टीम ने तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला 3-0 से जीती। राशिद ने कहा, ‘यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल है।

प्रत्येक धर्म की अपनी अलग चीज होती है, लेकिन इस्लाम और एक मुसलमान होने के नाते हमारे लिये हज यात्रा सबसे महत्वपूर्ण है।’ भारत और इंग्लैंड के बीच सीमित ओवरों की श्रृंखला सात से 17 जुलाई तक खेली जाएगी जिसमें तीन टी-20 और इतने ही वनडे शामिल है। राशिद के सभी छह मैचों में नहीं खेल पाने की संभावना है। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला से पहले वापसी कर सकते हैं।