आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजधानी भोपाल में दैनिक भास्कर के ‘अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव-2023’ की धूम है। महोत्सव के चौथे दिन करीब 5 घंटे तक नॉन स्टॉप परफॉरमेंस हुई। मां की आराधना के दौरान भक्ति, श्रद्धा और विश्वास की गागर छलक उठी। भजन के साथ बॉलीवुड सांग्स पर कदम ऐसे थिरके कि फिर रुके नहीं। हर कोई अभिव्यक्ति के रंग में रंगा नजर आया। राजस्थानी, गुजराती गेटअप के साथ ही दूसरे ट्रेडीशनल लुक में भी लोग दिखाई दिए।
भेल दशहरा मैदान में रात 8 बजे से भक्ति के उल्लास का पर्व यानी अभिव्यक्ति गरबा शुरू हो गया। हालांकि, गरबे में शामिल होने के लिए दो-तीन घंटे पहले ही लोग दशहरा मैदान पर पहुंच गए थे। इसके बाद शुरू हुई गरबे की धूम। बुजुर्ग हो या युवा, किसी में भी जोश कम नहीं था। वे मां की आराधना करते हुए झूमते नजर आए।
पंडाल से लेकर फुड कोर्ट, सब फुल
गुरुवार को भी अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव के गेट से लेकर गरबा सर्कल और फूड जोन तक पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कई लोग तो परिवार के साथ फूड जोन में ही फैमिली और फ्रेंड्स संग जमकर थिरक रहे थे। महाआरती के बाद सबसे पहले सभी कंटेस्टेंट ने गरबा परफॉर्म किया। फिर सभी ने खूब एन्जॉय किया। कई लोग तो बाहर ही गरबा करते हुए नजर आ रहे थे।
इन लुक्स में नजर आए लोग
गरबा के चौथे दिन भी लोग ट्रेडिशनल गुजराती आउटफिट में दिखें तो वहीं दूसरे दिन लोग कई तरह के ड्रेस में पहुंचे। अलग-अलग रंगों और ज्यूलरी से सजे-धजे कंटेस्टेंट अभिव्यक्ति में कई दिन की ट्रेनिंग लेने के बाद यहां परफॉर्म करने पहुंचे हैं। हर ओर म्यूजिक, डांस और त्योहार की खुशी नजर आ रही थी। इस दौरान बाबा महाकाल की शाही सवारी का लुक भी नजर आया। आकर्षक वेशभूषा में सजे युवाओं ने बाबा महाकाल की सवारी की प्रस्तुति दी।
फुड जोन भी हाउसफुल
पंडाल में जहां लोग धोती-कुर्ता, चनिया-चोली, कांच और कौड़ियों से जड़ी जैसी ड्रेसेस में नजर आ रहे थे और संस्कृति की सतरंगी छंटा बिखेर रहे थे। वहीं, फुड जोन भी हाउसफुल था। भजनों से मां की आराधना की गई तो बॉलीवुड गानों पर भी खूबसूरती से नृत्य किया। पार्टिसिपेंट्स की एनर्जी को यहां आयोजित फूड फेस्टिवल कॉम्लीमेंट करता दिखा। गरबा की थकान मिटाने के लिए कई व्यंजनों का मजा लोगों ने लिया।