आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अमेरिका के रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री और डिप्टी नेशनल सिक्योरिटी ए़डवाइजर के बाद अब अमेरिकी सिक्योरिटी एजेंसी FBI के डायरेक्टर क्रिस्टोफर ए रे भारत आ रहे हैं। 12 साल बाद ऐसा होगा जब FBI के डायरेक्टर भारत में होंगे। इसके पहले अप्रैल 2011 में तत्कालीन FBI डायरेक्टर रॉबर्ट मुलर भारत आए थे।
क्रिस्टोफर ए रे का ये दौरा उस वक्त हो रहा है जब अमेरिका ने भारत पर उनके एक नागरिक गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। वहीं, एक अमेरिकी संसदीय कमेटी ने भारत को चीन, रूस और ईरान के साथ उन देशों में शामिल किया है जो विदेश में अपने विरोधियों को हत्या कराते हैं।
अमेरिका पन्नू के मुद्दे को लेकर इतना सख्त क्यों है, FBI के डायरेक्टर क्यों आ रहे हैं, वो क्या करेंगे और भारत उनके सामने कौन से मुद्दा उठा सकता है।
विल्सन सेंटर में एशिया इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर माइकल कुगलमैन और इंस्टीट्यूट फॉर डिफेंस स्टडीज एंड एनालिसिस की प्रियंका सिंह से ऐसे ही 7 सवालों के जवाब जाने…
सवाल 1: क्या FBI डायरेक्टर पन्नू मामले की पूछताछ के लिए भारत आ रहे हैं?
जवाब: प्रियंका सिंह के मुताबिक इस विजिट को 2 तरह से देख सकते हैं। एक बात तो ये है कि ये एक रूटीन विजिट है। पिछले 6 महीनों में अमेरिका से काफी हाई लेवल विजिट हुई हैं। क्रिस्टोफर रे का एजेंडा भी देखें तो वो इंडियन इंटेलिजेंस एजेंसियों के सारे चीफ से मुलाकात करेंगे।
दूसरी बात ये भी है कि फिलहाल दोनों देशों के बीच पन्नू को लेकर विवाद है, जिस पर दोनों देशों में काफी बातचीत हो रही है। ऐसे में ये लाजमी है कि है कि FBI डायरेक्टर से मुलाकात के वक्त ये बात भी ऑन टेबल हो सकती है। इस मुद्दे पर दोनों देशों में बातचीत होनी जरूरी भी है।