ITDC India e-Press / Agencies

छत्तीसगढ़ के बस्तर में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नेशनल हाईवे- 163 से होकर गुजरने वाली तुमनार नदी के पानी से पुल का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं एप्रोच सड़क उखड़ गई, जिससे सड़क और पुल के बीच करीब 10 फीट लंबा और 5 फीट गहरा गड्ढा हो गया। पिछले कई घंटों से बीजापुर-जगदलपुर मार्ग बंद रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हालांकि, नदी का पानी कम हुआ, तो अब प्रशासन की टीम पुल और सड़क के मरम्मत कार्य में जुट गई है। मिट्टी और सीमेंट-गिट्टी डालकर गड्ढे को भरा जा रहा है।

दरअसल, बस्तर में पिछले 2-3 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। तेज मूसलाधार बारिश से दक्षिण बस्तर के सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। नेशनल हाईवे- 163 से होकर गुजरने वाली तुमनार नदी भी लबालब है। मंगलवार की सुबह तक पुल के ऊपर से नदी का पानी गुजर रहा था, जिससे NH पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। हालांकि जब कुछ देर के लिए बारिश रुकी, तो दोपहर तक जलस्तर कम हुआ, लेकिन मुसीबत फिर भी कम नहीं हुई। नदी के तेज बहाव ने एप्रोच सड़क और पुल का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे मार्ग बाधित रहा।

बाद में प्रशासन की टीम ने राहत पहुंचाने के लिए एप्रोच सड़क और पुल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। सीमेंट-गिट्टी को 10 फीट लंबे और 3 फीट गहरे गड्ढे में डालकर मार्ग को बहाल करने की कोशिश की गई। इसके बाद एक-एक कर वाहनों को पार करवाया गया। एक-दो वाहनों के गुजरने के बाद फिर से JCB की मदद से सीमेंट-गिट्टी डाला जाता और फिर रोड रोलर से इसे समतल किया जाता। फिर एक-दो वाहनों को गुजारा जाता, फिर यही प्रक्रिया दोहराई जाती। बुधवार की देर शाम तक यही किया जाता रहा। हालांकि, इतनी जल्दी एप्रोच सड़क मजबूत नहीं हुई है, खतरा अब भी मंडरा रहा है। यदि और बारिश होती है और जलस्तर बढ़ता है, तो फिर से सड़क समेत पुल का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाएगा।