आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मप्र की 29 लोकसभा सीट के लिए बनाए गए ऑब्जर्वर की मंगलवार को पहली बैठक हो रही है। सुबह 9.40 बजे से यह बैठक भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निवास पर हो रही है।
लोकसभा प्रभारियों के साथ बैठक कांग्रेस संगठन के राष्ट्रीय इंचार्ज जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल, PCC चीफ कमलनाथ और इंचार्ज जनरल सेक्रेटरी रणदीप सिंह सुरजेवाला कर रहे हैं।
आज शाम को दिल्ली में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक भी है। BJP की तरह कांग्रेस भी हारी हुई विधानसभा सीट पर पहले उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी कर रही है। पूर्व CM दिग्विजय सिंह ने लंबे समय से हार में जा रहीं 66 सीट पर दौरे कर अपनी रिपोर्ट और उम्मीदवारों के नामों का पैनल कमलनाथ को दिया है। इन नामों की सर्वे के डाटा से मैचिंग की जाएगी। इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में इन सीट्स के उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा होगी।
स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों द्वारा दिए गए नामों का भी मिलान किया जाएगा। सर्वे, दिग्विजय सिंह की रिपोर्ट और जिलों से आए नामों में जो भी नाम मैच करेंगे, उन्हें पहली लिस्ट में उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है।
MP की 29 लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस के ऑब्जर्वर
भोपाल के लिए असम से तीन बार के विधायक रेकुबददीन अहमद
ऑब्जर्वर के प्रभार अलग-अलग राज्यों के कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सौंपे गए हैं। इनमें भोपाल लोकसभा के अंतर्गत आने वाली सातों विधानसभा सीटों का प्रभारी असम से तीन बार के कांग्रेस विधायक रेकुबद्दीन अहमद को बनाया गया है। गुजरात में पूर्वनेता प्रतिपक्ष रह चुके परेश धनानी और वरिष्ठ नेता प्रकाश जोशी को जबलपुर और ग्वालियर लोकसभा का ऑब्जर्वर बनाया गया है। मोहन जोशी इंदौर के ऑब्जर्वर हैं।
AICC को फीडबैक देंगे ऑब्जर्वर
कांग्रेस के ये ऑब्जर्व 15 से 17 सितंबर को प्रदेश भर में निकाली जा रही सातों जनाक्रोश रैली की तैयारियों को देखेंगे और अपना फीडबैक ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) को देंगे। कमलनाथ के 11 वचनों को घर-घर पहुंचाने के कार्यक्रमों को देखेंगे और70 फीसदी घरों तक इन वचनों को पहुंचाने का कार्यक्रम तय करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। मंडलम, सेक्टर और ब्लॉक में बैठकों के दौरान कांग्रेस द्वारा भाजपा के विरोध में तैयार की जा रही चार्जशीट के बारे में बताया जाएगा। प्रदेश की 200 विधानसभा में बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) के बारे में वोटर लिस्ट में संशोधन को लेकर अब तक चुनाव आयोग से किए गए पत्राचार के बारे में जानकारी ली जाएगी।
आज दिल्ली जाएंगे कमलनाथ, दिग्विजय और सुरजेवाला
कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में भाग लेने के लिए मप्र कांग्रेस के नेता सोमवार को ही दिल्ली पहुंच गए। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह राहुल, अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, कमलेश्वर पटेल, विक्रांत भूरिया सहित तमाम नेता सोमवार को दिल्ली पहुंच गए थे। आज दोपहर दो बजे भोपाल से विशेष विमान के जरिए पीसीसी चीफ कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और रणदीप सिंह सुरजेवाला दिल्ली जाएंगे। शाम को कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी।