आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल:  मॉडर्न डे क्रिकेट में 120 गेंदों पर 252 रन बनाना भी सेफ नहीं है। इंग्लैंड के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट में मिडिलसेक्स टीम ने 253 का टारगेट 19.2 ओवर में 3 ही विकेट खोकर हासिल कर लिया। ये टी-20 क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा चेज है।

लंदन के द ओवल मैदान पर टी-20 ब्लास्ट में सरे ने पहली पारी में 7 विकेट पर 252 रन बनाए थे। ओपनर्स ने 177 रन की पार्टनरशिप की और टीम को बड़े स्कोर तक ले गए, लेकिन 250 प्लस रन भी मिडिलसेक्स के लिए कम पड़ गए।

विल जैक्स ने 5 बॉल पर 5 छक्के लगाए

ओवल में गुरुवार देर रात 11 बजे मिडिलसेक्स ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी। पहले बैटिंग करने उतरी सरे टीम के ओपनर्स विल जैक्स और लौरी एवंस ने 12.3 ओवर में ही 177 रन की पार्टनरशिप कर दी। जैक्स ने 11वें ओवर में लेग स्पिनर ल्यूक होलमैन की 5 लगातार गेंदों पर छक्के लगाए, आखिरी गेंद पर एक ही रन बन सका और वे 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने से चूक गए। जैक्स ने 45 बॉल पर ही 96 रन की पारी खेली। वहीं एवंस ने महज 37 गेंदों पर 85 रन बनाए।

सरे के बाकी बैटर्स ने भी तेज स्ट्राइक रेट से बैटिंग की और 20 ओवर में टीम का स्कोर 252 रन तक पहुंचा दिया। ओवल के मैदान पर यह सबसे बड़ा टी-20 स्कोर था। मिडिलसेक्स ने 6 बॉलर्स का इस्तेमाल किया, सभी ने 10 से ज्यादा के इकोनॉमी रेट से रन लुटाए।

मिडिलसेक्स ने की ताबड़तोड़ शुरुआत

253 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी मिडिलसेक्स को कप्तान स्टीफन एस्कीनाजी ने ओपनर जो क्रेकनेल के साथ तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 6.3 ओवर में ही 90 रन जोड़े। क्रेकनेल 16 बॉल पर 36 रन बनाकर आउट हुए। एस्कीनाजी भी 73 रन बनाकर आउट हो गए। नंबर-3 पर उतरे मैक्स होल्डन ने फिर रायन हिगिंस के साथ 105 रन की पार्टनरशिप कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।