आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अमेरिका में हिंदू समुदाय का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। पिछले 15 साल में अमेरिका में हिंदुओं की आबादी दोगुनी होकर लगभग सवा 22 लाख हो गई है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन के अनुसार, 2025 तक हिंदुओं की आबादी लगभग 28 लाख हो जाएगी।
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के प्लूरलिज्म प्रोजेक्ट के अनुसार, 20 साल पहले अमेरिका में 435 मंदिर थे, जिनकी संख्या बढ़कर लगभग 1000 हो गई है।
मंदिरों की संख्या बढ़ने का कारण यहां आकर बसने वाले हिंदुओं की आबादी में इजाफा होना है। अमेरिका में हिंदू धर्म और संस्कृत का भी तेजी से विस्तार हुआ है।
वॉशिंगटन डीसी के राजधानी मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित राम स्नेह त्रिपाठी ने दैनिक भास्कर को बताया कि 5 साल में उनके स्कूलों में बच्चों की संख्या में लगभग 200% का इजाफा हुआ। हर विकेंड में रिकॉर्ड 600 नए बच्चे हिंदू कक्षाओं में प्रवेश लेते हैं।