आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 में क्रिकेट भी शामिल कर लिया गया है। इससे पहले इसी महीने 13 अक्टूबर को इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (IOC) ने लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 में क्रिकेट को शामिल करने के प्रस्ताव को स्वीकार किया था।

इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी के कार्यकारी द्वारा क्रिकेट को लॉस एंजिलस ओलिंपिक में शामिल करने पर मुहर लगा दी गई है। क्रिकेट इससे पहले 1900 के पेरिस ओलिंपिक में खेला गया था। यानी 128 साल बाद इसकी ओलंपिक में वापसी होगी।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

न्यूजक्लिक फाउंडर ने UAPA के तहत गिरफ्तारी के खिलाफ याचिका पर दिल्ली HC के आदेश को SC में चुनौती दी

न्यूज वेबसाइट न्यूजक्लिक के फाउंडर प्रबीर पुरकायस्थ और HR अमित चक्रवर्ती ने UAPA के तहत अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। दिल्ली हाई कोर्ट ने 13 अक्टूबर को उनकी याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें उन्होंने दिल्ली पुलिस द्वारा अपनी गिरफ्तारी को अवैध बताया था।

चंडीगढ़ PGI के एडवांस आई सेंटर में आग लगी, मरीजों को बचाने के लिए गेट-खिड़कियों के शीशे तोड़े

चंडीगढ़ PGI के आई सेंटर में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। इसका पता चलते ही पीजीआई के सीनियर अफसर वहां पहुंच गए। आग लगने का पता चलते ही मरीजों में हड़कंप मच गया। उनके परिजन भी पीजीआई में इकट्‌ठा हो गए। आई सेंटर के बाहर मरीजों और स्टाफ की भारी भीड़ लगी हुई है। फिलहाल इसमें किसी मरीज को नुकसान की कोई खबर नहीं है। एहतियात के तौर पर आई सेंटर की OPD बंद कर दी गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

राजस्थान के डूंगरपुर में दिल्ली-मुंबई नेशनल हाईवे पर ट्रक ने क्रूजर को टक्कर मारी, 7 की मौत

राजस्थान के डूंगरपुर के बिछीवाड़ा इलाके में दिल्ली-मुंबई नेशनल हाईवे-48 पर एक ट्रक ने क्रूजर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में क्रूजर सवार 7 लोगों की मौत हो गई। रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे ट्रक का ब्रेक फेल होने से यह हादसा हुआ। 10 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिन्हें हॉस्पिटल भेजा गया है।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में 4 तीव्रता का भूकंप आया, नुकसान की खबर नहीं

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से 48 किमी उत्तरपूर्व की तरफ भूकंप के झटके महसूस हुए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप सोमवार सुबह 9:11 बजे आया। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।