ITDC India e-Press / Agencies

छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर से हाथियों ने एक शख्स की जान ली है। इस बार हाथियों ने बालोद जिले में एक किसान को घसीट-घसीटकर मार दिया है। घटना के वक्त वह अपने खेत में फसल देखने गया था। उसी दौरान हाथियों ने हमला किया है। मामला जिले के मुल्ले गांव का है।

जानकारी के मुताबिक, मुल्ले निवासी राम जी सिंगरामे सोमवार शाम को अपने खेत में फसल देखने गया था। उसी दौरान 2 हाथी वहां पहुंचे थे। इसके बाद हाथियों ने कुछ दूर तक किसान को घसीटा। इसके बाद पैर से कुचलकर उसे मार डाला। वारदात के वह गांव की तरफ चले गए थे। कुछ देर तक गांव में रहने के बाद फिर वह जंगल की तरफ चले गए हैं।

शव के पास जाने से भी डर रहे थे लोग

घटना के वक्त आस-पास के लोग मौके पर मौजूद थे। जिन्होंने इस बात की सूचना किसान के परिजनों को दी और गांव के लोगों को भी इस बारे में बताया गया। वन विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई थी। मगर ग्रामीण इतने दहशत में आ गए थे कि वह शव के पास भी नहीं जा रहे थे। देर रात तक किसान का शव खेत के पास ही पड़ा रहा। फिर जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब शव को वहां से उठाया गया था।

छत पर रह रहे लोग

गांव के ही मनोहर साहू ने बताया कि उनके सामने दो बाइकवालों पर भी हाथी ने हमला करने की कोशिश की। वह अपनी जान बचाकर एक ग्रामीण के छत पर चढ़ गए। तब जाकर उनकी बाची। कई लोग इसी तरह अलग-अलग छतों में पनाह लिए हुए हैं। इन्हें डर है कि हाथी फिर से वहां न पहुंच जाएं। गांव के ज्यादातर लोग रात को छत पर गुजारा कर रहे हैं।