झज्जर के सुपरिंटेंडेंट वसीम अकरम ने बताया, “जगदीश राठी, पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के पुत्र, ने बुधवार शाम को खुदकुशी कर ली है… इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है…”

हरियाणा के पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के पुत्र जगदीश राठी ने कथित रूप से ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली है, और इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राज्यप्रमुख नफे सिंह राठी समेत छह लोगों के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है. यह जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी. पुलिस के अनुसार, 55-वर्षीय जगदीश राठी ने बुधवार शाम को खुदकुशी की.

झज्जर के सुपरिंटेंडेंट वसीम अकरम ने बताया, “जगदीश राठी, पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के पुत्र, ने बुधवार शाम को खुदकुशी कर ली है… इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है…” यह पूछे जाने पर क्या इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी भी आरोपियों में शामिल हैं, वसीम अकरम ने कहा, “हां, नफे सिंह राठी के खिलाफ भी आरोपी के तौर पर केस दर्ज किया गया है…”

इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए नफे सिंह राठी से फोन पर संपर्क नहीं किया जा सका है.

पुलिस सुपरिंटेंडेंट वसीम अकरम ने कहा कि जगदीस राठी ने ज़हर खाया था. उन्होंने कहा, “मौत की वजह पोस्टमॉर्टम के बाद सारी रिपोर्ट मिल जाने पर ही स्थापित हो पाएगी, लेकिन फिलहाल मौत की वजह ज़हर ही लग रही है…”

पुलिस का कहना है कि जगदीश के परिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ आरोपी प्रॉपर्टी से जुड़े एक मामले में जगदीश को परेशान करने की कोशिश कर रहे थे, और इसी के परिणामस्वरूप वह बेहद तनाव में थे, और हाल ही में जगदीश ने एक ऑडियो क्लिप भी बनाई थी.

उन्होंने बताया, “26 दिसंबर को जगदीश ने एक ऑडियो क्लिप सर्कुलेट किया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि ये लोग उन्हें परेशान कर रहे हैं, और अगर उन्हें कुछ हो जाता है, तो यही लोग ज़िम्मेदार होंगे…”

पुलिस सुपरिंटेंडेंट ने कहा, “उस वक्त पुलिस ने उनके पास जाकर शिकायत दर्ज करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने कोई शिकायत नहीं दी थी… कल शाम को उन्होंने खुदकुशी कर ली, और केस दर्ज कर लिया गया है…”