आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :  विमेंस ऐशेज सीरीज के रोमांचक टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 3 रन से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया 31 टी-20 मैचों के बाद कोई मुकाबला हारी है। बुधवार को लंदन के द ओवल मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में 20 रन चाहिए थे। टीम ने शुरुआती 3 गेंदों पर 2 ही रन बनाने में एक विकेट गंवा दिया।

अब 3 गेंदों पर 18 रन चाहिए थे, यहां बैटर एलिस पेरी ने 2 रन लिए और आखिरी 2 गेंदों पर 2 छक्के लगा दिए। लेकिन 2 छक्के भी टीम की जीत के लिए काफी नहीं थे और ऑस्ट्रेलिया 3 रन के अंतर से मुकाबला हार गया।

इंग्लैंड से 76 रन बनाने वाली डैनी व्याट प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। एलिस पेरी ने 27 गेंद पर 51 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया पर जीत के बाद इंग्लैंड की टीम विमेंश ऐशेज में बनी हुई है। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया 6-2 से लीड कर रहा है, वहीं सीरीज में एक टी-20 और 3 वनडे बाकी हैं।

27 महीने बाद टी-20 हारी ऑस्ट्रेलिया विमेंस टीम

ऑस्ट्रेलिया विमेंस टीम टी-20 में टारगेट चेज करते हुए 3 साल 3 महीने बाद हारी है। टीम को पिछली हार भारत के खिलाफ फरवरी 2020 में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान मिली थी। टीम किसी टी-20 मैच में भी 31 मैच बाद हारी है। टीम को आखिरी हार न्यूजीलैंड के खिलाफ 30 मार्च 2021 को मिली थी। तब टीम 4 विकेट से मैच हार गई थी।

31 मुकाबलों में से 23 में टीम को जीत मिली। टीम का एक मुकाबला भारत के खिलाफ टाई रहा, वहीं 5 मैच बेनतीजा रहे। इस दौरान टीम के 2 मुकाबले रद्द भी किए गए। ऑस्ट्रेलिया टीम इंग्लैंड के खिलाफ भी 4 साल 6 महीने बाद टी-20 मैच हारी है। टीम को आखिरी हार जनवरी 2019 में मिली थी।

पढ़ें मैच में क्या हुआ…

इंग्लैंड को मिली तेज शुरुआत

लंदन के द ओवल मैदान पर टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड को सोफिया डंकली और डैनी व्याट ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 6.4 ओवर में 57 रन जोड़े। डंकली 23 रन बनाकर आउट हुईं। नंबर-3 पर उतरीं नैटली सीवर ब्रंट ने व्याट के साथ 43 रन जोड़े और टीम का स्कोर 100 तक पहुंचाया।

इंग्लैंड ने 19 रन बनाने में 5 विकेट गंवाए

इंग्लैंड का स्कोर एक समय 100 रन पर एक विकेट था। फिर टीम ने अगले 19 रन बनाने में ही 5 विकेट गंवा दिए और टीम का स्कोर 119/6 हो गया। यहां व्याट ने 46 गेंद पर 76 रन बनाए और टीम को 150 के पार पहुंचाया।