आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने यह भी बताया कि चुनावों की कांग्रेस में लगातार हार क्यों हो रही है।
राहुल गांधी का लंदन दौरा जारी है और भारत सरकार के खिलाफ उनकी बयानबाजी भी। लंदन स्थित हाउस ऑफ पार्लियामेंट के परिसर में ब्रिटिश सांसदों से चर्चा के दौरान भी कांग्रेस नेता ने कई बयान दिए।
उन्होंने कहा, भारत में डेमोक्रेटिक कम्पटीशन का तरीका पूरी तरह से बदल गया है। इसका कारण राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) है। यह एक कट्टरपंथी और फासीवादी संगठन है, जिसने भारत की लगभग संभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। आरएसएस मुस्लिम ब्रदरहुड की तर्ज पर बना है।
इसने मुझे चौंका दिया कि वे (आरएसएस) हमारे देश के विभिन्न संस्थानों पर कब्जा करने में कितने सफल रहे हैं। प्रेस, न्यायपालिका, संसद और चुनाव आयोग सभी खतरे में हैं और किसी न किसी तरह से नियंत्रित हैं।
आरएसएस एक गुप्त समाज (सीक्रेट सोसाइटी) है। यह मुस्लिम ब्रदरहुड की तर्ज पर बनाया गया है, और विचार यह है कि सत्ता में आने के लिए लोकतांत्रिक प्रतियोगिता का उपयोग किया जाए और फिर बाद में लोकतांत्रिक प्रतियोगिता को खत्म कर दिया जाए।
बकौल राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी एक विचार है। हमने भाजपा की तुलना में कई वर्षों तक देश पर शासन किया है। ‘बीजेपी को कोई नहीं हरा सकता’ यह मीडिया में एक नैरेटिव है। मैं मीडिया की इस बात से सहमत नहीं हूं। मैं जमीन पर लोगों को सुनता हूं।
‘भाजपा मान बैठी है कि वह हमेशा सत्ता में बनी रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं है और यह कहना कि कांग्रेस चली गई, ये एक हास्यास्पद विचार है।’
राहुल गांधी ने बताया क्यों हार रही कांग्रेस
केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने इस दौरान यह भी बताया कि चुनावों की कांग्रेस में लगातार हार क्यों हो रही है? उन्होंने कहा, भारत में ऐसे बदलाव हुए हैं, जिन्होंने कांग्रेस और यूपीए सरकार को अचंभित कर दिया था, जैसे कि ग्रामीण से शहरी में बदलाव। हम ग्रामीण क्षेत्र पर बहुत अधिक ध्यान केंद्रित कर रहे थे और हम शुरुआत में शहरी क्षेत्र में चूक गए।