आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : लंदन का ऐतिहासिक इंडिया क्लब अगले महीने बंद हो जाएगा। ये वो जगह है जहां 1930 से 1940 के दशक में अंग्रेजों से देश को आजाद कराने के लिए राष्ट्रवादी नेताओं का जमावड़ा लगता था। यह ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग के पास है। यहां कई सालों तक भारत के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी मेहमान के तौर पर आते रहे हैं।

कांग्रेस नेता शशि थरूर के मुताबिक इसे तोड़कर आलीशान होटल बनाया जाएगा। दरअसल, काफी सालों से क्लब को तोड़े जाने से बचाने के लिए कैंपेन चलाई जा रही है। इसमें शशि थरूर भी शामिल रहे हैं। इंडिया क्लब को लोगों के लिए आखिरी बार 17 सितंबर को खोला जाएगा।

इंडिया हाउस में होती थी इंडिया लीग की प्लानिंग

इंडिया लीग ब्रिटेन में बेस्ड एक संगठन था जिसने भारत की पूर्ण स्वतंत्रता और स्वशासन के लिए अभियान चलाया था। लीग की स्थापना 1928 में कृष्ण मेनन ने की थी। इसकी बैठकें लंदन के इंडिया हाउस में की जाती थीं।

आजादी के बाद इस इंडिया हाउस का इस्तेमाल भारतीय पत्रकारों और बुद्धिजीवियों के लिए रेस्तरां और विशेष सामूहिक स्थल के तौर पर किया जाने लगा। आजादी के बाद ब्रिटेन में भारत के पहले राजदूत कृष्ण मेनन का मानना था कि क्लब को एक ऐसी जगह बनाया जाए जहां भारतीय युवा राजनीति और भविष्य के प्लान डिस्कस कर सकें।

घर से बाहर घर की तरह है इंडिया क्लब

लंदन में सेव इंडिया क्लब मुहिम चला रही फिरोजा का कहना है कि ये भारतीयों के लिए ये जगह घर से बाहर घर के जैसी है। आजादी के बाद अलग-अलग दौर में प्रवासियों के तौर पर आए भारतीयों को यहां अपनेपन का अहसास कराया गया।

सिर्फ भारतीय ही नहीं बल्कि यहां दूसरे महाद्वीपों से आए लोगों का भी वेलकम किया गया। यही वजह है कि इसे बचाने के लिए 9 हजार लोगों ने पिटिशन साइन की है। इनमें भारत की आजादी में अहम भूमिका निभाने वाली एनी बेसेंट की पड़पौती और माउंटबेटन के पड़पौते भी शामिल हैं।