अमेरिका रूस के ‘भाड़े के सैनिकों’ के समूह ‘वैगनर ग्रुप’ को “अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन” के तौर पर घोषित करेगा.
माना जाता है कि रूस के इस ग्रुप के हज़ारों भाड़े के सैनिक यूक्रेन में मौजूद हैं.
व्हाइट हाउस ने कहा कि वो अगले सप्ताह इस समूह और उसके सपोर्ट नेटवर्क पर नए प्रतिबंध भी लगाएगा.
राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में वैगनर समूह के लिए कहा, “वो यूक्रेन और बाकी जगह अत्याचार कर रहे हैं, मानवाधिकारों का हनन कर रहे हैं.”
उन्होंने कहा कि यूक्रेन में करीब 50 हज़ार भाड़े के ये सैनिक मौजूद हैं.
वैगनर समूह को आपराधिक संगठन घोषित करने से अमेरिकी सरकार अब इसके ख़िलाफ़ पहले से अधिक बड़े स्तर पर प्रतिबंध लगा सकेगी.
ये समूह यूक्रेन के अलावा सीरिया, लीबिया और सेंट्रल अफ़्रीकन रिपब्लिक में काम कर रहा है.
जॉन किर्बी के अनुसार यूक्रेन में मौजूद वैगनर समूह के 80 फ़ीसदी भाड़े के सैनिक जेलों से लाए गए हैं.
किर्बी ने ये भी कहा कि वैगनर समूह रूस के नियमित सैन्य बलों का प्रतिद्वंद्वी बन गया है और अमेरिका का मानना है कि अब रूसी अधिकारियों और इस समूह के विवादास्पद संस्थापक और पुतिन के सहयोगी येवगेनी प्रजोझिन के बीच तनाव बढ़ रहा है.